शब्द-शक्ति के भेद (२) लक्षणा– 2 – रस अलंकार पिंगल

शब्द-शक्ति के भेद –

(2) शुद्धा प्रयोजनवती लक्षणा – जहाँ गुण सादृश्य के अतिरिक्त अन्य किसी सादृश्य से लक्ष्यार्थ ग्रहण किया जाये, वहाँ शुद्धा प्रयोजनवती लक्षणा होती है। सादृश्य सम्बन्ध निम्न प्रकार से हो सकते हैं –

(१) सामीप्य सम्बन्ध – ‘अरूण’ शब्द का मुख्यार्थ ‘सूर्य का सारथी’ है किन्तु ‘अरूण’ का लक्ष्यार्थ ‘सूर्य’ ही ग्रहण किया जाता है। सामीप्य सम्बन्ध के कारण ही यह लक्ष्यार्थ ग्रहण किया जाता है, क्योंकि सूर्य अरूण (सूर के सारथी) के समीप रहता है।

(२) आधार-आधेय सम्बन्ध – ‘फ़ुटबाल के मैच में भारत इंग्लैण्ड से जीत गया’ – इस कथन में आधार-आधेय सम्बन्ध से ही अर्थ ग्रहण किया जायेगा अर्थात भारत के खिलाडी इंग्लैण्ड के खिलाड़ियों से जीत गये।

(३) कारण-कार्य-सम्बन्ध – ‘नियमित भोजन स्वास्थ्य है’ – इस कथन में कारण-कार्य-सम्बन्ध है, क्योंकि भोजन ही स्वास्थ्य (कार्य) का कारण है।

(४) अंगागिभाव सम्बन्ध – इसके अनुसार अंग से अंगी का लक्ष्यार्थ ग्रहण किया जाता है। उदाहरणार्थ किसी मनुष्य के हाथ की उँगली दब जाने पर यदि वह व्यक्ति कहे – ‘मेरा हाथ दब रहा है’ तो इसमें हाथ का लक्ष्यार्थ हाथ की उँगली होगा।

(५) तात्कर्म्य सम्बन्ध – कर्म-सादृश्य के आधार पर लक्ष्यार्थ ग्रहण किया जाता है । जैसे –

‘एरे मतिमंद चन्द आवत न तोहि लाज,

ह्वैके द्विजराज काज करत कसाई के।’

यहाँ चन्द्रमा को कसाई इसलिए कथित किया गया है कि वह भी विरहणियों को कसाई के समान कर्म करने वाला प्रतीत होता है।

(६) तादर्थ्य सम्बन्ध – ‘रमेश ब्रजेश के गुरूदेव हैं’  – इस पंक्ति में रमेश को देवता के समान पूज्य बताना ही लक्ष्यार्थ है।

शुद्धा प्रयोजनवती लक्षणा के भी दो भेद हैं – (१) लक्षण-लक्षणा या जहतस्वार्था और (२) उपादान लक्षणा या अजह्त्स्वार्था, इनके भी दो-दो भेद हैं – सारोपा और साध्यवसाना।

(१) लक्षण-लक्षणा या जहतस्वार्था – जहाँ मुख्यार्थ अथवा वाच्यार्थ का लगभग बिल्कुल त्याग कर दिया जाता है, वहाँ लक्षण-लक्षणा या जहतस्वार्था लक्षणा होती है। उदाहरण – ‘पेट में चूहे कूद रहे हैं’ यह वाक्य अपना अभीष्ट अर्थ रखता है लेकिन इसके मुख्यार्थ या वाच्यार्थ में पूर्ण रूप से बाधा मालूम पड़ती है, क्योंकि पेट में चूहों का कूदना सर्वथा असम्भव है। इसमें चूहे कूदना का वाच्यार्थ बिल्कुल त्याग दिया जाता है और लक्ष्यार्थ ‘तेज भूख लगी है’ ग्रहण किया जाता है।

(अ) सारोपा शुद्धा लक्षण-लक्षणा – जब आरोप के विषय और आरोप्यमाण में अभेद हो; जैसे –

आज भुजड्गों से बैठे हैं वे कंचन के घड़े दबाये – इस काव्य में आरोप का विषय (पूँजीपति) और आरोप्यमाण (भुजड़्ग) में अभेद कथित किया गया है।

(ब) साध्यवसाना शुद्ध लक्षण-लक्षणा – आरोप के कथित न होने पर यह लक्षणा होती है। जैसे –

‘दिल का टुकड़ा कहाँ गया’

उक्त वाक्य में आरोप का विषय लुप्त है और केवल आरोप्यमाण (दिल के टुकड़े) का ही कथन है। ‘दिल का टुकड़ा’ अपना मुख्यार्थ बिल्कुल छोड़ देता है और ‘पुत्र’ लक्ष्यार्थ को बिल्कुल तिरस्कृत करके लगाया जाता है।

पहले के भाग यहाँ पढ़ सकते हैं –

“रस अलंकार पिंगल [रस, अलंकार, छन्द काव्यदोष एवं शब्द शक्ति का सम्यक विवेचन]”

काव्य में शब्द शक्ति का महत्व – रस अलंकार पिंगल

शब्द शक्ति क्या है ? रस अलंकार पिंगल

शब्द-शक्ति के भेद (२) लक्षणा – रस अलंकार पिंगल

शब्द-शक्ति के भेद (२) लक्षणा – 1 – रस अलंकार पिंगल

शब्द-शक्ति के भेद (२) लक्षणा– 2 – रस अलंकार पिंगल

शब्द-शक्ति के भेद (२) लक्षणा – 3 – रस अलंकार पिंगल

शब्द-शक्ति के भेद (३) व्यंजना – 1 – रस अलंकार पिंगल

2 thoughts on “शब्द-शक्ति के भेद (२) लक्षणा– 2 – रस अलंकार पिंगल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *