दूसरे देस में आने के बाद विचारों का परिवर्तन

    दूसरे देस जाने की इच्छा किसकी नहीं होती, हर कोई दूसरे देस का अनुभव लेना चाहता है, हम भी जून २०१२ से दूसरे देस को लगातार देख रहे हैं, और अपनी जिंदगी एक अनुभव को समृद्ध कर रहे हैं। कई नये प्रकार के लोगों से परिचय हुआ, कई नई संस्कृतियों को करीब से देख रहे हैं। जो चीज हमारी संस्कृति में है यहाँ इनकी संस्कृतियों से भिन्न है। परंतु फ़िर भी उनको करीब से देखना जानना एक अच्छा अनुभव है।

    दूसरे देस में कई लोग आसपास और दूरदराज के मुल्कों के भी मिले उनकी बातचीत करने की तहजीब बहुत करीब से जान रहे हैं, पड़ोसी मुल्कों के बारे में भी जान रहे हैं, उनकी समस्याएँ भी हमसे जुदा नहीं हैं, पर ऐसा लगता है कि उनकी समस्याएँ हमसे कहीं ज्यादा हैं। कम से कम हम लोग अपनी समस्याओं के केन्द्रीकरण के लिये जूझ रहे हैं पर उनकी समस्याएँ तो अभी भी विकेंद्रित हैं, कुछ मुल्कों के जन सैलाब ने अपनी समस्याएँ सुलझाने के लिये हाल ही में बड़ी बड़ी क्रांतियाँ की हैं, जिसमें अच्छे नेतृत्व के अभाव के चलते वे अब भी अपनी मूल समस्याओं से जूझ रहे हैं।

    ये नई समस्याएँ हैं, जो पुरानी परेशानियों के सबब थे उन्हें तो उस जनसैलाब ने जड़ से उखाड़ फ़ेंका है और नई राह की तलाश में घूम रहे हैं, मंथन चल रहा है। क्रांति कुछ लोग विचारों से शुरू करते हैं और वो चिंगारी आग में बदलते देर नहीं लगती। ये हमारे यहाँ के मूल समस्याओं को पैदा करने वालों को सोच लेना चाहिये। शासन व्यवस्था के लिये होता है, अगर कुव्यवस्था और अराजकता उसकी जगह ले लेती है तो ऐसे शासन को जन सैलाब का सामना करने का सामर्थ्य भी होना चाहिये, इतिहास गवाह है कि ऐसे शासन और शासक हमेशा के लिये मिट गये हैं।

    कुछ जगह समस्याओं के केन्द्रीकरण के लिये छोटे बच्चे भी आवाजें उठा रहे हैं तो कुछ जगह पूरी की पूरी शिक्षा पद्धति बदली जा रही है और शिक्षा लेने वाले छात्रों ने इतिहास में क्रांति से अपना नाम अमर कर दिया है। यह तय है कि समस्याओं को सुलझाने के लिये पहले हमें समस्याओं को पैदा करने वालों को जड़ से उखाड़ना होगा और उसके लिये केवल विशाल जन सैलाब से कुछ नहीं होगा, उस जन सैलाब के विचारों को आंदोलित करना होगा।

    शिक्षा पद्धति में सिरे से सुधार करने होंगे, हमें देश में उद्यमी चाहिये। अभी हमारी शिक्षा पद्धति से केवल और केवल विकासशील देशों को चलाने वाले बाबू ही मिल रहे हैं, वाकई अगर हम उद्यमशील हो जायें तो सोने की चिड़िया बनने से हमें कोई रोक नहीं सकता, हमारी जनता को जागना होगा और उनके विचारों को आंदोलित होना होगा। आखिर हरेक विकास वैचारिक आंदोलन है और इस वैचारिक आंदोलन को प्रखर और अक्षुण्ण बनाने के लिये अपने को होम करना ही होगा।

    दूसरे देस में आने के बाद विचारों का परिवर्तन एक सतत प्रक्रिया है, यहाँ पर कई लोगों से बात करने के बाद मेरे यह विचार ठोस होते जा रहे हैं।

6 thoughts on “दूसरे देस में आने के बाद विचारों का परिवर्तन

  1. इसीलिए भारतीय दर्शन में 'देशाटन' और 'पर्यटन' का प्रावधान किया गया होगा। घर से बाहर निकले बिना दुनिया को जानना सम्‍भव ही नहीं। आपकी बातें सौ टका सही हैं।

  2. हमें अपनी आवश्यकताओं और शिक्षा के स्वरूप पर नये सिरे से चिंतन-मंथन करना होगा। वर्तमान शिक्षा ने हमें स्तेमाल होने लायक ही बनाया है। यह चिंता का विषय होना चाहिये कि इतने विश्वविद्यालयों के बाद भी हम मनुष्य क्यों नहीं बन सके। भारतीय प्रशासनिक सेवा के लोग विद्या और बुद्धि में विशिष्ट माने और स्वीकारे जाते हैं किंतु मैंने उन्हें ही सर्वाधिक अ-मनुष्य पाया है। हम कुछ लोगों की समृद्धि के लिये काम करने वाली व्यवस्था के एक उपादान भर बन कर रह गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *