All posts by Vivek Rastogi

About Vivek Rastogi

मैं २००६ से हिन्दी ब्लॉगिंग कर रहा हूँ, और वित्त प्रबंधन मेरा प्रिय विषय है। मेरा एक यूट्यूब चैनल भी है जिसे आप https://youtube.com/financialbakwas देख सकते हैं।

राजेश उत्साही जी से एक मुलाकात

लगभग ३ हफ़्ते पहले राजेश उत्साही जी की एक पोस्ट पढ़ी जिसमें उन्होंने बैगलोर में रहने का जिक्र किया था, इसके पहले उनसे परिचय नहीं था। फ़िर एकदम उनको ईमेल करके पूछ लिया गया कि हम कब मिल सकते हैं, और तय हुआ कि इसी सप्ताहांत में मिल लिया जाये, नेक काम में देरी क्यों की जाये। पहले तय हुआ कि कहीं सार्वजनिक जगह पर मिल लिया जाये फ़िर संकोच टूटा और तय हुआ कि या तो अपने घर पर या फ़िर मेरे घर पर, राजेश भाई को हमने कहा कि आप ही आ जाईये। तब तक मैंने उनकी केवल एक पोस्ट ही पढ़ी थी। “सूखती किताबों में भीगता मन” ।
एक फ़ोटो जो मुलाकात के दौरान खींचा गया –

 

राजेश उत्साही जी से रविवार को मिलना तय हुआ और बिल्कुल तय वक्त के मुताबिक राजेश भाई हमारे घर के करीब पहुँच भी गये। हम उनको लेने बस स्टैंड पर गये थे, जैसे ही बस से उतरे हम तुरंत ही पहचान गये और राजेश भाई भी एकदम पहचान गये।
राजेश भाई बहुत ही सौम्य स्वभाव के मालिक हैं और बिल्कुल सीधे तरीके से अपनी बातें रखते हैं, इस छल कपट की दुनिया में इस तरह का व्यवहार देखकर मैं तो गद्गद था।
घर पहुँचकर बातों का सिलसिला चल निकला, तो पता चला कि राजेश जी को तो हम बचपन से जानते हैं, वे “एकलव्य” से जुड़े हुए थे, और चकमक पत्रिका का संपादन करते थे। चकमक मेरी प्रिय पत्रिका हुआ करती थी, और मैं धार में एकलव्य में जुड़ा हुआ था। राजेश भाई के कारण ही मेरे लंगोटिया मित्र के बड़े भैया का फ़ोन नंबर भी मिल गया और राजेश जी ने तत्काल उनसे बात भी करवाई, बड़े भैया राजेश जी के साथ ही एकलव्य में काम करते थे और उनकी काफ़ी अच्छी मित्रता है।
राजेश भाई ने बड़े भैया से कहा कि हम अभी फ़ोन आपके एक बहुत पुराने परिचित को दे रहे हैं, पहचानो कि वे कौन हैं, हमने कहा भी उनका पहचानना बहुत ही मुश्किल है। फ़ोन पर बात हुई, तो हमने अपना परिचय दिया तो बड़े भैया एकदम पहचान गये। और फ़िर राजेश भाई से धार, भोपाल की बहुत सारी बातें हुईं। राजेश भाई से शुरूआती संघर्ष की कहानी सुनी, और यह तो समझ आ गया कि बिना संघर्ष के व्यक्ति न सफ़ल हो पाता है और ना ही अच्छे व्यक्तित्व का मालिक बन पाता है।
हमने बताया कि हम अपने मित्र के कारण ही एकलव्य से जुड़े थे और सुबह बर्ड वाचिंग पर जाया करते थे, कई किताबें पढ़ने एकलव्य मॆं जाना होता था।
इसी बीच दोपहर भोजन का समय हो चुका था और जमकर पेट में चूहे धमाचौकड़ी मचा रहे थे, हमने राजेश भाई से माफ़ी मांगते हुए कहा कि अभी घर पर पकाने की बिल्कुल भी इच्छा नहीं है, (आजकल फ़ोर्स बैचलर हैं, और अपने हाथ से खाना पकाना बहुत अच्छा लगता है, नये नये व्यंजनों की आजमाईश चलती रहती है) इसलिये बाहर ही चला जाये, राजेश जी ने सरलता से कहा कि भोजन आपके हाथ का नहीं आपके साथ खाना है, फ़िर बस पास ही एक राजस्थानी भोजनालय में दालबाटी चूरमा खाया गया।
भोजन से आने के बाद भी बहुत सारी बातें हुईं, और राजेश भाई ने अपना पहला कविता संग्रह “वह! जो शेष था”, सप्रेम भेंट दिया। हमने अपनी कुछ किताबों से (जिन्हें पढ़ चुके हैं और अब पढ़ने वाले हैं) परिचय करवाया।

अब यह कविता संग्रह हम पढ़ रहे हैं, हमें साहित्यिक किताबें पढ़ने में ज्यादा ही समय  लगता है क्योंकि कोशिश रहती है कि लेखक ने जिस मानस से रचना रची है, हम भी शायद उस मानस में जाकर वह रचना अपने अंतरतम तक पहुँचा पायें, और इसी बीच उनकी एक बात और अच्छी लगी कि रचना पढ़कर ईमानदारी से उस पर प्रतिक्रिया देने की, जो बहुत ही कम लोगों में होती है।

दलालों का शहर मुंबई (City of Brokers, Mumbai)

मुंबई छोड़े अब १ साल से अधिक हो गया है कुछ बातों में मुंबई की बहुत याद आती है और कुछ बातों से मुंबई से कोफ़्त भी होती है, जैसे कि दलालों का शहर मुंबई है। मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है और रियल इस्टेट में हर जगह ब्रोकर याने कि दलालों का बोलबाला है। आजकल क्या मैं तो बरसों से मुंबई में देख रहा हूँ मुंबई में दल्लों का धंधा चोखा है।
renthousemumbai 
आपको फ़्लेट किराये पर लेना हो या खरीदना हो हरेक जगह ब्रोकरों का राज है। मुझे अच्छे से याद है जब मैंने मुंबई आखिरी बार फ़्लेट किराये पर लिया था तब तक ब्रोकर लोग किरायेदार से एक महीने का किराया ब्रोकर के रूप में लेते थे और ११ महीने का कान्ट्रेक्ट होता है। ११ महीने बाद अगर उसी फ़्लेट को रिनिवल करवाना है तो उसके लिये भी एक महीने का किराया ब्रोकरेज के रूप में देना पड़ता था।
आज ही छोटे भाई से बात हो रही थी तो पता चला कि अब ब्रोकरेज याने कि दलाली फ़्लेट लेने के लिये दो महीने की लेने लगे हैं और रिनिवल पर एक महीने का किराया ब्रोकरेज के रूप में लिया जा रहा है। वहाँ मुंबई में आम आदमी तो कमाने के लिये गया है और ये ब्रोकर बैठे हैं लूटने के लिये। प्रशासन भी आँख मूँदे पड़ा है। बेचारा बाहर का आदमी आयेगा तो उसे तो परिवार के रहने के लिये घर चाहिये ही, और सब अपने परिवार को अच्छी जगह पर रखना चाहते हैं, तो मजबूरी में ब्रोकरेज भी देते हैं।
अगर बात अब आंकड़ों में की जाये, १ बीएचके याने कि लगभग ४६५ स्क्वेयर फ़ीट का फ़्लेट का किराया कांदिवली पूर्व में लगभग १८,००० से २१,००० रूपये है, अब किरायेदार को ब्रोकरेज के तौर पर कम से कम ३६,००० रूपया तो ब्रोकर को ही देना है और यह एग्रीमेंट मकान मालिक के साथ ११ महीने का होता है, और एग्रीमेंट रजिस्टर्ड होता है, उस रजिस्ट्रेशन का खर्च आधा आधा मकान मालिक और किरायेदार को वहन करना होता है जो कि ब्रोकर लगभग ७,००० रूपया लेते हैं। तो आधा हो गया ३,५००। ११ महीने के बाद फ़िर से बड़े किराये के साथ ब्रोकर का ब्रोकरेज भी बढ़ जाता है।
और ब्रोकर तो मुंबई में कुकुरमुत्ते की तरह हैं, हर गली हर चौराहों पर ब्रोकर मिलेंगे, ये ब्रोकर हरेक तरह का सहारा लेते हैं और गुंडई करने से भी बाज नहीं आते।
हमने अनुमान लगाया था कि अगर ब्रोकर के पास कम से कम ऐसे १०० ग्राहक भी हैं तो उसकी वर्ष भर की कमाई कम से कम १८ लाख रूपये है, और अधिक तो अब क्या बतायें ये तो आप खुद अनुमान लगा लें।
पता नहीं कब सरकार चेतेगी और आम आदमी को मुंबई से ब्रोकर से मुक्ति मिलेगी। वैसे अब बैंगलोर में भी ब्रोकरों का धंधा काफ़ी अच्छा हो चला है, धीरे धीरे मुंबई की बयार यहाँ पर भी बह रही है। इसलिये हम तो ब्रोकरों का शहर कहते हैं मुंबई को।
ऐसे बहुत ही कम मकान मालिक हैं जो कि अपने फ़्लेट बिना किसी ब्रोकर की सहायता के देते हैं, ऐसे फ़्लेट सुलेखा.कॉम, मैजिकब्रिक्स.कॉम, ९९एकर्स.कॉम और ओएलएक़्स.इन पर ढूँढे जा सकते हैं, अगर किस्मत अच्छी हुई तो जिस समय आप फ़्लेट ढूँढ़ रहे हैं उस समय आपको कोई फ़्लेट इन वेबसाईट पर मिल जाये और आप अपनी गाढ़ी कमाई का कुछ हिस्सा बचा सकें।

भूकम्प जो सबको हिला गया Tremors Tsunami

कल दोपहर लगभग दोपहर २.०८ पर भूकम्प आया था, और कई जगहों से इस खबर की पुष्टि भी हुई, हम उस समय कैन्टीन से दोपहर का भोजन कर लौट रहे थे और रास्ते में थे तो शायद हमें पता नहीं चला।

जैसे ही अपने अपनी सीट पर पहुँचे वहाँ चारों तरफ़ अफ़रा तफ़री फ़ैली हुई थी, सभी लोग इमारत से बाहर जाने के लिये जल्दी कर रहे थे, सबके चेहरे पर घबराहट साफ़ नजर आ रही थी। पता चला कि १० वीं मंजिल पर लोगों को अपने पानी की बोतलें और कम्प्यूटर हिलते हुए महसूस हुए। हमने सुरक्षा अधिकारी को फ़ोन लगाकर स्थिती का जायजा लिया तो उन्होंने हमें कहा कि हाँ १० वीं मंजिल से ऐसी खबर आई तो है, हमारे सुरक्षा अधिकारी अभी स्थिती का जायजा ले रहे हैं, और अगर इमारत खाली करनी होगी तो सभी मंजिलों पर उद्घोषणा कर दी जायेगी।

और हमने अपने फ़ेसबुक पर अपना यह स्टेटस अपडेट कर दियाimage

इसी बीच चैन्नई से भी कई अपडेट आ रहे थे, हमारे पास ही बैठने वाली हमारी साथी जो कि चैन्नई से थीं, उनके पास लगातार फ़ोन से खबरें आ रही थीं, वहाँ उनके मकान में एक दरार भी आ गई।

कल के भूकम्प का केन्द्र इंडोनेशिया बताया गया और लगभग २८ देशों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। प्रशांत प्रियदर्शी के फ़ेसबुक स्टेटस से पता चला कि चैन्नई में ट्राफ़िक का बुरा हाल है।

आज सुबह अभी फ़िर से मैक्सिको में ७.४ तीव्रता के भूकम्प के झटकों की खबर आ रही है। अब डरने से तो कुछ होगा नहीं और ना ही आम आदमी प्रकृति का सामना कर सकता है। तो यह आदमखोर शेर के सामने एक आदमी के खड़े होने की स्थिती है।

भारत में सिगरेट का धंधा Cigarette in my hand

क्या कोई जानता है कि भारत सरकार मौत का धंधे वाली कंपनी में एक बड़ी पार्टनर है। हम बात कर रहे हैं आई.टी.सी. कंपनी की, ITC( Indian Tobacco Company) जो कि भारत में सिगरेट की एक बड़ी निर्माता कंपनी है और शेयर बाजार में इसके शेयर के भाव पिछले कुछ वर्षों अच्छे खासे बढ़े हैं।
सरकार की इस मौत के धंधे में 35.89% हिस्सेदारी है जिसका मूल्य लगभग 40,000 करोड़ रूपये बैठता है। और शेयर बाजार में ITC को बड़ा लिक्विडिटी वाला शेयर माना जाता है।
जानकर शायद आश्चर्य हो कि इस 35.89% में सरकार में सबसे बड़ी हिस्सेदारी भारत में जीवन बीमा बेचने वाली LIC का है 12.92%| एक तरफ़ लोगों को जीवन बीमा बेचती LIC और दूसरी तरफ़ मौत के धंधे में हिस्सेदार।
दूसरी बड़ी कंपनी है SUUTI जी हाँ ये वही है UTI वाली, मौत के इस धंधे में इनकी हिस्सेदारी 11.59% है। बाकी तो सरकारी कंपनियों की फ़ेहरिस्त लंबी है जैसे – न्यू इंडिया इंश्योरेन्स
कंपनी, जनरल इंश्योरेन्स ऑफ़ इंडिया, ओरियेंटल इंश्योरेन्स कंपनी, नेशनल इंश्योरेन्स कंपनी इत्यादि ।
 
जब सारी बीमा कंपनियाँ अपने मुनाफ़े के लिये मौत के धंधे में हिस्सेदार हैं तो क्या इनके व्यापारिक सिद्धातों पर ऊँगली नहीं उठनी चाहिये।
ये देखिये ITC के रिपोर्ट के स्क्रीनशॉट – यह पूरी रिपोर्ट आप यहाँ पर क्लिक करके भी पढ़ सकते हैं।

 

 

तंबाखू से होने वाले कैंसर से होने वाली मौत के आंकड़े भी चौंकाने वाले हैं, हर वर्ष कैंसर से मरने वाले लोगों की तादाद हमारे पड़ोसी मुल्क के द्वारा आतंकवाद में होने वाली मौतों से कहीं ज्यादा हैं। इसका मतलब ? और दूसरी तरफ़ सरकार का ही स्वास्थ्य विभाग जनजागृति के नाम पर विज्ञापन और इलाज पर करोड़ों रूपया फ़ूँक रही है।

गैरी लॉयर का एक प्रसिद्ध गाना था – Cigarette in my hand यह देखिये –

 

The very famous antismoking campaign from ‘Bombay hospital’

I remember the time, I had my first hook
Try it just once, friends gently provoked
Friends told me yes, light a ciggy for a start
you would like the fire in a pretty girls laugh

With a cigarette in my hand I felt like a man
cigarette in my hand I felt like a man

My hero look so right
with a cigarette on his lips
Could I go wrong if I follow his tips
On the job I learnt a thing or two
cigarette had a place in every work day too
cigarette started every hour of my day
couldn’t get out of the habit, no way

With a cigarette in my hand I felt like a man
cigarette in my hand I felt like a man.

In moments that were a little a lonesome,
cigarette and I were happy twosome
cigarette slowly became my crunch
energy and stamina are lost very much
until one day I couldn’t on my feet
smoke made me feel real dead meat
then I realized I have paid a price.

With a cigarette in my hand, I was a dead man.

फ़ोर्स बैचलर रहने का मौका|

वर्ष भर में एक बार कम से कम एक माह के लिये फ़ोर्स बैचलर रहने का मौका मिलता है, कुछ कमियां खलती हैं, तो कुछ रोज रोज के अड़ंगों से मुक्ति भी मिल जाती है। सबका अपना अपना अनुभव होता है। इस वर्ष भी वह एक माह हमारा आज से शुरू हुआ है, पर अब फ़ोर्स बैचलर रहने का ना मजा आता है और ना ही रोमांच रह गया है। शायद अपने परिवार की ज्यादा ही आदत पड़ गई है, कुछ लोग कहते हुए पाये गये कि भई तुम अब बुढ्ढे हो गये हो, पर क्या परिवार की आदत और उनको प्यार क्या व्यक्ति को वाकई बुढ्ढ़ा बना देती है ? एक यक्ष प्रश्न जैसे हम से हम ही आमने सामने खड़े होकर पूछ रहे हैं।
समाज परिवार से व्यक्ति की पहचान करता है और परिवार में हर व्यक्ति की अपनी पहचान और जिम्मेदारियां होती हैं। अकेले रहने का रोमांच भी व्यक्ति को शायद इसलिये उद्वेलित करता है कि वह सब कार्य जो कि परिवार की उपस्थिती में नहीं किये जा सकते वे सब बिना रोक टोक के किये जा सकते हैं। वहीं कुछ दैनिक कार्य हैं जिनके लिये व्यक्ति परिवार पर निर्भर करता है। पहले किसी जमाने में एक अकेलेपन का भी एक मजा था, दोस्तों के साथ गपबाजी और समय अपने हिसाब से काटना एक शगल होता था। लगभग सभी दोस्त ऐसे मौके का बेसब्री से इंतजार करते थे। परंतु तेजी से वक्त ने करवट बदली और अब यह शगल मजा की जगह सजा जैसा लगने लगा है।
आज तो पहला दिन है अभी तो पूरे ३४ दिन अकेले रहना है, घर सम्हालना है। और यह पूर्ण महीना पता नहीं अभी और कितने नये अनुभव दिखायेगा।

पल भर के लिये कोई हमें प्यार कर ले, झूठा ही सही

पल भर के लिये कोई हमें प्यार कर ले, झूठा ही सही, गाना क्या बंगले में फ़िल्माया गया है, इत्ते सारे खिड़की दरवाजे, कि हीरो देवानंद को सारे पता हैं और हीरोईन हेमामालिनी खिड़की दरवाजे बंद करके थक रही है। अच्छा गाना है प्यार में नाराज और गुस्सा और मनाना, जब हीरोईन मारने आये तो खुद को समर्पित कर दिया।गीत इतना बेहतरीन लिखा गया है, एक एक पंक्ति प्यार की स्याही में डुबाकर लिखी गई है, गाना सुनकर दिल रोमांचित हो उठता है और भावनाएँ उमड़ घुमड़ पड़ती हैं।

हेमामालिनी की अदाएँ

आज सुबह यह गाना किशोर कुमार की सदाबहार आवाज में सुना, इस गाने में देवानंद और हेमामालिनी की अदाएँ देखते ही बनती हैं, गाने की पंक्तियों में कहा खटमल के लिये गया है और हेमामालिनी शरमा रही हैं।
हमारे एक मित्र हैं जो कि उम्र में हमसे बहुत बड़े हैं, वे लगभग पुराने हर गाने का पोस्टमार्टम कुछ ऐसे अंदाज में करते हैं कि आज की पीढ़ी पुराने सारे गाने पसंद करने लगे, ऐसे लोगों की बहुत जरूरत है।

सीधे हाथ के अंगूठे का महत्व और होने वाली तकलीफ़ें |

अंगूठे का महत्व तब समझ में आया जब अंगूठे में तकलीफ़ हुई, पता नहीं कितनी ही कामों में तकलीफ़ हो रही है, वह तो जब काम करने जाओ तो पता चलता है कि या तो हम यह कार्य नहीं कर सकते हैं या फ़िर बिना अंगूठे के काम करने में कितनी तकलीफ़ होती है।जब तक शरीर के सारे अंग अच्छे से चलते रहते हैं, हमें कोई फ़िक्र नहीं होती है, परंतु जैसे ही किसी भी अंग में परेशानी होती है या फ़िर हल्की चोट भी होती है तो हर समय दिमाग उधर ही लगा रहता है, क्योंकि हर समय शारीरिक त्रंत्र से दिमाग को सिग्नल मिलते रहते हैं, कहाँ तकलीफ़ है।

सीधे हाथ के अंगूठे में लगने के कारण कुछ तकलीफ़ें –

१. जेट चलाने में उल्टे हाथ का प्रयोग करना पड़ा।

२. मोबाईल उपयोग करने के लिये उल्टे हाथ का प्रयोग करना पड़ा।

३. बटन लगाने के लिये उल्टे हाथ के अंगूठे पर निर्भर होना पड़ा।

४. जिप बंद करने में भी अंगूठे का बहुत योगदान है।

५. हेलमेट के लॉक को बंद करने के लिये अंगूठे को छोड़ दूसरी ऊँगलियों पर निर्भर होना पड़ा। जो कि वाकई बहुत कष्ट्दायक है।

६. बेल्ट का लॉक लगाने के लिये भी अंगूठा बहुत मददगार होता है।

७. की-बोर्ड पर स्पेस बटन दबाने के लिये उल्टे हाथ के अंगूठे का प्रयोग करना पड़ रहा है।

८. खाना खाने के लिये भी उल्टे हाथ का प्रयोग करना पड़ रहा है, क्योंकि रोटी का कौर तोड़ने में सीधे हाथ के अंगूठे का बहुत बड़ा योगदान है।

८. पानी की बोतल का ढक्कन खोलने में भी अंगूठे का बहुत बड़ा योगदान है।

९. सुबह टूथब्रश भी उल्टे हाथ से करना पड़ रहा है।

१०. टीवी का रिमोट भी उल्टे हाथ से उपयोग करना पड़ रहा है।

११. ताला लगाने के लिये उल्टे हाथ के अंगूठे का प्रयोग करना पड़ रहा है।

१२. इलेक्ट्रिक प्लग में प्लग करने के लिये भी उल्टे हाथ का सहारा लेना पड़ रहा है।

१३. हमारे लेपटॉप में यू.एस.बी. सीधे हाथ की तरफ़ है तो अब पेन ड्राईव लगाने के लिये पहले लेपटॉप को पूरा घुमाना पड़ता है फ़िर पेन ड्राईव लगाना पड़ती है।

१४. फ़ीता बांधने में परेशानी होने के कारण बिना फ़ीते का जूता पहना या फ़िर चप्पल।

१५. सारे क्रेडिट एवं डेबिट कार्ड पर्स में आगे जेब में होने से पर्स भी उल्टे हाथ से प्रयोग करना पड़ रहा है और कार्ड निकालने के लिये भी उल्टे हाथ का अंगूठा प्रयोग करना पड़ रहा है।

१६. जेब में भी सारी चीजों की जगह बदल गयी हैं, सारी दायीं तरफ़ की चीजें बायीं तरफ़ आ गई हैं।

१७. बाईक चलाने में एक्सलेटर के लिये केवल ऊँगलियों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है, और थोड़ा अंगूठे के निचले हिस्से की मदद लेना पड़ रही है।

१८. घड़ी बांधने में भी अब मध़्यमा ऊँगली का सहारा लेना पड़ रहा है।

१९. दरवाजे के चिटकनी लगाने के लिये भी उल्टे हाथ का ही प्रयोग करना पड़ रहा है।

२०. कपड़े पर चिपकी लगाने के लिये भी उल्टे हाथ का प्रयोग करना पड़ रहा है।

अब हाथ में तकलीफ़ थोड़ी कम है, आगे के उपचार के लिये चिकित्सक महोदय के पास जाने के बाद कल पता चलेगा और कितने दिन लगेंगे ठीक होने में।

भयावह स्वप्न – ड्रेगन, बख्तरबंद ट्रक और पेड़ पर हरे पत्तों को ट्रांसप्लांट करना

उफ़्फ़ रात को भयावह स्वप्न आ रहे हैं पता नहीं किस बात का अंदेशा है ।
स्वप्न १
साड़ी में लिपटी हुई माता के ऊपर ड्रेगन की नजर है और ड्रेगन के मुँह से आग निकल रही है, आग निकालते हुए बड़े बड़े यंत्र बेरहमी से बड़ते जा रहे हैं, और माता के सैनिक अपने खटारा आग निकालने वाले यंत्रों के साथ चुपचाप खड़े हैं, उनके दोनों हाथ सफ़ेद टोपी और खादी पहने लोगों ने खादी के सूत से पीछे की और बाँध रखे हैं, इतना भयावह स्वप्न देख आँख खुल गई।
स्वप्न २
हमारी सशस्त्र सेना युद्ध के मैदान में ट्रकों से जा रही है, बड़े बड़े बख्तरबंद ट्रक हैं, जैसे ही पहाड़ी इलाका आया, ट्रकों की साँसें फ़ूलने लगीं और जवानों को पैदल ही युद्ध के मैदान की और बढ़ना पढ़ रहा है और दुश्मन अपने आधुनिक शस्त्रों के सहारे कबका सीमारेखा पार कर चुका है, दूसरी और सफ़ेद टोपी और खादी वाले लोग बड़े बड़े बक्से लेकर अपने चार्टड विमानों की और जा रहे हैं। यह तो सारी जनता को पता है तो ये स्वप्न आसानी से झेल गये।
स्वप्न ३
एक गोल महत्वपूर्ण इमारत में सेना मार्च करती हुई दाखिल हुई और कानून बनाने के लिये कब्जा कर लिया गया, सारे खादी खद्दर वालों को तोप के मुँह पर बाँधकर जनता के बीच ले जाया जा रहा है, बख्तरबंद गाड़ियाँ दौड़ी जा रही हैं और सशस्त्र सैनिक लोगों का खून पीने वाले विभागों के अफ़सरों के यहाँ धावा कर बख्तरबंद गाड़ियों में हरे हरे पत्ते भर रहे हैं, सारे पत्तों को वापिस पेड़ पर ट्रांसप्लांट करने के लिये वैज्ञानिकों की बहुत बड़ी फ़ौज लगी हुई है, और वहीं कुछ खाकी में लिपटे हुए लोग अपना डंडा लेकर डराने की कोशिश कर रहे हैं, एक सैनिक की फ़ूँक से ही सब हवा में उड़ते हुए अंतरिक्ष में अंतर्धान हो जाते हैं, पेड़ पर हरे पत्तों को ट्रांसप्लांट करना जारी है, साथ के सीमारेखा वाले हरे होते हुए पेड़ को देखकर थरथर काँपने लगते हैं।
पता नहीं ये स्वप्न कैसे हैं, कहते हैं कि कभी स्वप्न भी सच्चे हो जाते हैं।
नोट – यह हमारे सच्चे स्वप्नों पर आधारित है किसी और घटना से जोड़कर ना देखा जाये।

इस्कॉन बैंगलोर मंदिरों में अलग अनुभव जैसे धार्मिक बाजार (Different experience in Iskcon Bangalore like bazzar)

बहुत दिनों बाद बैंगलोर में ही कहीं घूमने निकले थे, आजकल तपता हुआ मौसम और झुलसाती हुई गर्मी है, बैंगलोर की तपन ऐसी है जैसे कि निमाड़ की होती है अगर धूप की तपन में निकल गये तो त्वचा जल जायेगी और अलग से पता चल जायेगा त्वचा ध्यान न देने की वजह से जली है। मालवा में दिन में तपन तो बहुत होती है परंतु मालवा में रातें ठंडी होती है, रात में पता नहीं कहाँ से ठंडक आ जाती है।

घर से लगभग ३० कि.मी. दूर बैंगलोर इस्कॉन जाना तय किया, सोचा कि एक वर्ष से ज्यादा बैंगलोर में हो गया है परंतु अब तक कृष्ण जी के दर्शन नहीं हो पाये, चलिये आज कृष्ण जी के दर्शन कर लिये जायें। इस देरी का एक मुख्य कारण था हमारा मन, जब मुंबई से बैंगलोर आये थे तब हम श्री श्री राधा गोपीनाथ मंदिर जो कि गिरगाँव चौपाटी पर स्थित है और ग्रांट रोड इसका नजदीकी रेल्वे स्टॆशन है, जाते थे और आते समय बताया गया कि इस्कॉन का कोर्ट केस चल रहा है और इस्कॉन बैंगलोर  मंदिर इस्कॉन सोसायटी ने बहिष्कृत कर रखा है। अगर आप वहाँ जायेंगे तो कृष्ण भक्ति नहीं आयेगी मन में, बल्कि आपका मन, भावना और भक्ति दूषित होगी। इस्कॉन बैंगलोर में अगर आप सदस्य हैं तो उस सदस्यता का लाभ दुनिया के किसी भी मंदिर में इसी कारण से नहीं मिलेगा, किंतु इस मंदिर को छोड़ आप किसी और मंदिर के सदस्य हैं तो आपको सदस्यता का लाभ मिलेगा।

हम तो ह्र्दय में कृष्ण भावना रखकर गये थे कि हमें तो भगवान कृष्ण के दर्शन करने है और जीवन में प्रसन्नता लानी है। मन से ऊपर लिखी हुई बात हम अपने ह्र्दय से से निकाल कर गये थे, नहीं तो ह्र्दय कृष्ण में लगाना असंभव था।

बिना किसी पूर्वाग्रह के महाकालेश्वर की असीम कृपा से हम सुरक्षित इस्कॉन मंदिर लगभग १ घंटे में पहुँच गये। वहाँ पहुँचकर पहले जूते ठीक स्थान पर रखे गये और फ़िर कृष्ण जी के दर्शन करने चल दिये। जैसे ही थोड़ी दूर चले वहाँ एक लाईन लगी थी, जहाँ लगभग १०८ पत्थर लगे हुए थे और महामंत्र “हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरे राम हरे राम राम, राम राम हरे हरे” का उच्चारण हर पत्थर पर करना था, इसका एक फ़ायदा भीड़ नियंत्रण करना था और दूसरा फ़ायदा दर्शनार्थियों को था उन्हें १०८ बार महामंत्र बोलना ही था या सुनना ही था, रोजमर्रा जीवन में इतना समय भी व्यक्ति के पास नहीं होता कि १०८ बार महामंत्र बोल ले। महामंत्र ऐसे बोलना चाहिये कि कम से कम आपके कानों तक आपकी आवाज पहुँचे तभी महामंत्र बोलने का फ़ायदा है। पत्थर सीढ़ीयों पर भी लगे हुए थे, पहला मंदिर प्रह्लाद नरसिंह अवतार का है उसके बाद दूसरा मंदिर श्रीनिवासा गोविंदा का आता है।

प्रह्लाद नरसिंहश्रीनिवास गोविंदा

अब आता है मुख्य मंदिर जहाँ महामंत्र से वातावरण अच्छा बन पड़ा था, और यहाँ पहली प्रतिमा श्रीश्री निताई गौरांग की दूसरी याने कि मध्य प्रतिमा श्री श्री कृष्ण बलराम की और तीसरी प्रतिमा श्री श्री राधा कृष्ण चंद्र की है। मंदिर का मंडप देखते ही बनता है, बहुत सुन्दर चित्रकारी से उकेरा गया है।

राधा कृष्णकृष्ण बलरामनिताई गौरांग

मंदिर में आप अपने हाथ से प्रसाद पंडित जी को नहीं दे सकते हैं, प्रसाद आपको काऊँटर पर जमा करना है और पर्ची दिखाकर दर्शन करने के पश्चात आप प्रसाद की थैली ले सकते हैं। विशेष दर्शन की व्यवस्था है जिसका लाभ कोई भी २०० रुपये में उठा सकता है, विशेष दर्शन में भगवान के थोड़ा और पास जाकर दर्शनों का लाभ लिया जा सकता है। जैसे ही दर्शन करके आप सामने देखते हैं तो मंदिर में ही किताबें और सीडी के विज्ञापन दिखते हैं, जो शायद ही किसी ओर मंदिर में आपको दिखें। जैसे ही दर्शन करने के बाद बाहर के रास्ते जाने लगते हैं तो कतारबद्ध दुकानों के दर्शन होते हैं, पहले बिस्किट, केक और मिठाई फ़िर अगरबत्ती, किताब, कैलेडर, मूर्तियाँ, सीनरी, सॉफ़्ट टॉयज, कुर्ता पजामा, टीशर्ट और वह सब,  मंदिर में जो जो बिक सकता है वह सब वहाँ कतारबद्ध दुकानों पर उपलब्ध है। उसके बाद खाने पीने के लिये एक बड़ा हाल आता है जहाँ कि कचोरी, समोसे, जलेबी, खमन, तरह तरह के चावल, भजिये, केक, कुल्फ़ी, लेमन सोडा, बिस्किट्स इत्यादि उपलब्ध है। हमें तो स्वाद अच्छा नहीं लगा। और ऐसा पहली बार हुआ है कि इस्कॉन में खाने का स्वाद अच्छा नहीं लगा।

यहाँ हर किसी को पार्किंग से लेकर जूता स्टैंड तक पैसे खर्च करने पड़ते हैं, जबकि किसी भी इस्कॉन मंदिर में ऐसा नहीं होता।

मंदिर गये थे परंतु ऐसा लगा ही नहीं कि मंदिर में आये हैं ऐसा लगा कि किसी धार्मिक बाजार में हम आ खड़े हुए हैं। हाँ बेटे के लिये जरूर अच्छा रहा वहाँ एक मिनि थियेटर भी बना हुआ है जिसमें कि आप एनिमेशन फ़िल्म सशुल्क देख सकते हैं, जो कि एक छोटे से कमरे में एक बड़ा टीवी लगाकर और थियेटर साऊँड सिस्टम लगाकर बनाया गया है।

जब हम मंदिर से निकले तो हमारे मन और ह्र्दय में महामंत्र नहीं चल रहा था, न ही मंदिर में स्थित भगवान के चेहरे आँखों के सामने थे, बस जो भी नजर आ रहा था वह था, वहाँ स्थित भव्य बाजार।

वैसे एक बात फ़िर भी आश्चर्यजनक लगी कि दर्शन के लिये कोई टिकट नहीं था, जबकि दक्षिण में अधिकतर सभी मंदिरों में दर्शन के लिये टिकट है और अर्चना एवं प्रसाद चढ़ाने के लिये भी टिकट की व्यवस्था होती है, इसलिये यहाँ बैंगलोर में आकर मंदिर जाने का मन बहुत ही कम होता है, मंदिर जाकर अगर मन को ऐसा लगे कि आप मंदिर में नहीं किसी व्यावसायिक स्थान पर खड़े हैं, तो अच्छा नहीं लगता।

लूट तो हरेक जगह है, हर मंदिर में है फ़िर वो क्या उत्तर और क्या दक्षिण, और लूट भी रहे हैं वो पुजारी और पंडे जो कि भगवान की सेवा में लगे हैं, और भगवान भी उन पंडों और पुजारियों पर खुश है और उन पर अपनी सेवा करने की असीम कृपा बनाये हुए है।

हे कृष्ण! हे गिरधारी! कब इस कलियुग में तुम्हारे पंडे और पुजारी की इस लूट से आम जनता बच पायेगी।