Category Archives: विश्लेषण

सेन्सोडाइन टूथपेस्ट विज्ञापन का बोलबाला (Effect of Advertisement – SENSODYNE Toothpaste)

    हर बार की तरह इस बार भी हायपरसिटी जाना हुआ सब्जियों और किराना लाने के लिये, तो वहाँ सेन्सोडाइन टूथपेस्ट से मुठभेड हुई। हमारी घरवाली बोली कि यह बहुत अच्छा टूथपेस्ट है, आजकल टीवी पर बहुत विज्ञापन आ रहा है और बहुत अच्छा बताया जा रहा है। हम हैरान परेशान कि बताओ हमें खबर ही नहीं है और ये सेन्सोडाइन हमारे घर में हमारे घर के लोगों के दिमाग में घुस गया।

sensodyne-gyaniz

    खैर हमने सोचा (लिखने के लिये, नहीं तो सोचने का मौका ही कहाँ मिलता है, आजकल), अब लेना तो है ही, देख लेते हैं कि कितने ग्राम का है और कितने रुपये देने हैं, और उत्पाद की एक्सपायरी दिनांक क्या है। पता चला कि यह तीन स्वाद में आता है और ८० ग्राम उत्पाद का भाव ७५ रुपये। साथ ही पता चला कि यह उत्पाद पहले भी बाजार में उपलब्ध था परंतु केवल तभी लिया जाता था जब डॉक्टर बोलते थे, इसीलिये उत्पाद पर चेतावनी भी है कि १२ वर्ष से छोटॆ बच्चे इस उत्पाद का उपयोग न करें। साथ ही बड़ों के लिये भी चेतावनी है कि अगर टूथपेस्ट से जलन होने लगे तो इसका उपयोग करना बंद कर दें।

    वैसे उत्पाद को खूबसूरती से पैक किया गया है पैकेट के दो तरफ़ सेन्सोडाइन फ़्रेश मिन्ट है और एक तरफ़ उत्पाद को कैसे उपयोग किया जाये, क्यों किया जाये, किन रसायनों का उपयोग यह टूथपेस्ट बनाने में किया गया है इसकी भी जानकारी दी गई है (अगर आम उपभोक्ता को समझ में आ जाये तो), उपभोक्ता सेवा का फ़ोन नंबर भी दिया गया है। उत्पाद सोलन हिमाचल प्रदेश में बनाया जाता है और ग्लेक्सोस्मिथकाईन कंपनी इसका बाजार में विज्ञापन कर रही है। ब्रांड इन्हीं का है। एक तरफ़ दाँत और मसूड़ों का फ़ोटो लगाया गया है, जिसके जरिये उपभोक्ता को ज्ञान देने की कोशिश की गई है और साथ ही ४ प्रश्नों के उत्तर भी हैं –

1. What is Tooth sensitivity?

2. Why have I got it ?

3. Why is Sensodyne right for me?

4. How does it work ?

अभी उत्पाद का उपयोग करना शुरु किया है और यह उत्पाद भी अन्य प्रतिस्पर्धी उत्पादों जैसा ही लग रहा है। पर हाँ यह उत्पाद जेब पर भारी जरुर है, तो सोच समझ कर खरीदियेगा, वैसे भी एक बार उपयोग करनें में कोई बुराई भी नहीं।

भ्रष्टाचार के विरुद्ध बिल पास होने के बाद सबसे पहले भ्रष्टों को हटाना होगा (Corruption and Corrupted ppls)

    अन्ना हजारे अनशन पर बैठे हैं, और पूरा भारत उनके समर्थन में उतर आया है। सरकार दबाब में हैं और शायद सरकार को अंदेशा भी है कि जनता जागरूक है और अब कुछ भी हो सकता है। यह अच्छी बात है कि भ्रष्टाचार के विरूद्ध बिल पास हो जायेगा और हमें कुछ खामियों से युक्त ही सही पर एक सख्त कानून मिल जायेगा।

    कानून लागू करने वाले और कानून को मान्यता दिलाने वाले भी भ्रष्टाचार से मुक्त होने चाहिये, और इसके लिये पहले भ्रष्टों को उनकी गद्दियों से उतारना होगा।

    भ्रष्टाचार केवल सरकारी तंत्र में ही नहीं, यह हर जगह पाया जाता है और इस कानून की जद केवल सरकारी तंत्र तक ही रहने वाली है। कुछ भ्रष्टाचार ऐसे हैं जो कि किसी कानून के जरिये खात्मा नहीं किये जा सकते हैं, ऐसे भ्रष्टाचार केवल आमजन के जागरूकता से ही लगाम लगाई जा सकती है।

    अगले चुनाव पास ही हैं और हर शहर में भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चे खोले जा रहे हैं, उन्हीं में से एक अपना नेता चुनें जो कि ईमानदार हो या उसकी गारंटी देता है, क्योंकि जब सत्ता हाथ में आती है तो सब ईमानदारी गायब हो जाती है। और अपने नेता को अपने शहर से जिताने का संकल्प लें और उसके ऊपर अपना कंट्रोल भी रखें।

    अगर सरकारी तंत्र से ही भ्रष्टाचार गायब हो जाये तो हर गाँव और शहर का कायाकल्प ही बदल जायेगा, लोग गरीबी से बाहर निकलेंगे। बच्चों को स्कूल में शिक्षा दिलाने के लिये भारी भरकम दान नहीं देना पड़ेगा और हमारे बच्चे भ्रष्टमुक्त देश में सांस ले सकेंगे।

अन्ना हजारे के समर्थन में मैं ( I am supporting Anna Hazare.)

     भ्रष्टाचार के खिलाफ़ लोकापाल बिल लाने के लिये सरकार पर दबाब बनाने के लिये अन्ना हजारे के अनशन को मैं पूरा समर्थन करता हूँ।

    अन्ना आज आम मध्यमवर्ग की आवाज हैं, अन्ना उन सबकी आवाज हैं जो कि भ्रष्टाचार से त्रस्त हैं। आखिर कब तक हम भ्रष्टाचार सहते रहेंगे और रिश्वत देते रहेंगे। सरकार की निर्दयता और निडरता देखिये कि अभी तक सरकार पर कोई असर नहीं हुआ।

    लगता है कि सरकार को जनता की ताकत का अंदाजा नहीं है और सरकार को लग रहा है कि समर्थन में खुलकर बहुत कम लोग हैं, तो ऐसा नहीं है समर्थन में भारत का हर व्यक्ति है बस वक्त की बात है, नींद खुलने की बात है।

    हिन्दी के ३०,००० ब्लॉगरों का समर्थन अन्ना के साथ होना चाहिये। और रोज ही भ्रष्टाचार के विरोध में और अन्ना के अनशन के समर्थन में लिखना चाहिये। यह जनता का अधिकार है और हम जनता हैं, इसे हमें लेना ही होगा।

    भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से राजनैतिक लोगों को और राजनैतिक पार्टियों को दूर ही रखना होगा, क्योंकि सभी राजनैतिक लोग और राजनैतिक पार्टियाँ गले गले तक भ्रष्टाचार तक डूबी हुई हैं।

    आईये भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन जो कि अन्ना हजारे ने शुरु किया है, उसका हिस्सा बनें, अपने अपने तरीकों से आंदोलन का हिस्सा बनें।

नहाने का ठंडा पानी

    नहाते तो रोज ही हैं, पर मौसम और जगह के अनुसार समय और पानी कैसा हो वह बदल जाता है। जैसे हमने एक दिन फ़ेसबुक पर स्टेटस डाला था कि “पूरे २४ घंटे हो गये नहाये हुए अब तो नहाना ही पड़ेगा ।” तो हमारे एक मित्र की टिप्पणी आई “पता नहीं लोग महीने महीने भर कैसे बिना नहाये रह लेते हैं, हमें तो २५ दिन में ही खुजली होने लगती है।”

    वैसे कई लोग होते हैं, जो बिना नहाये एक दिन तो क्या कई दिन रह लेते हैं, परंतु अपनी तो आदत ऐसी है कि अगर किसी दिन न नहाये तो ऐसा लगता ही नहीं कि दिन हुआ है, और आज तक ऐसा मौका भी बहुत ही कम आया है, या तो २४ घंटे से ज्यादा सफ़र पर रहे हों या फ़िर कभी तबियत खराब रही हो। कभी आलस में न नहाये हों, ये तो याद ही नहीं है। किसी दिन नहाने में भी देर हो जाये तो आँख खुलती नहीं और बहुत ही वाहियात लगता है, और तो और अपने ऊपर ही गुस्सा आता है।

    अब गर्मी का मौसम आ गया है, अब गीजर में पानी गर्म करना बंद कर दिया है, और ठंडे पानी से नहाने लगे हैं, ठंडा पानी से जब नहाने जाओ तो पहले तो ठंडे पानी की सोचकर ही सिहरन होने लगती है, फ़िर जब हिम्मत करके नहाने के लिये तैयारी भी कर लो तो पहले हाथ पर थोड़ा पानी डाल पानी की ठंडक महसूस करते हैं, फ़िर पैर पर जब लगता है कि अब और कोई तरीका नहीं है तो नहा लेते हैं।

    वैसे हमारे एक मित्र हैं उन्होंने ठंडे पानी से नहाने का विशुद्ध तरीका बताया था अगर घरवाले बिना नहलाये नहीं मानते हैं तो पहले स्नानघर की कड़ी अंदर से बंद कर लो और फ़िर थोड़े से पानी से अपने बाल गीले कर लो और फ़िर लोटे से पानी अपने सिर के ऊपर से पानी बस पीछे डालते जाओ, और हर हर गंगे बोलते जाओ “बहुत ठंडा पानी है”, इस तरह से घरवालों को लगेगा कि नहा लिये और खुद को पता है कि ठंडे पानी से स्नान में कितना मजा आता है।

    वैसे तो होली के बाद ठंडे पानी से नहाना शुरु हो जाता है और गर्मी का रौद्र रूप देखने को मिलने लगता है, इसलिये गर्मी में ध्यान रखें कि एकदम बाहर से आने के बाद यकायक न नहायें, थोड़ा समय दें अपने शरीर को घर के तापमान के अनुकूल होने तक और फ़िर नहायें और बोलें “हर हर गंगे”,  नहाने का तरीका कोई सा भी अपनायें, पर नहाने का मजा जरूर मिलेगा।

वन्डरला एम्य़ूजमेंट पार्क बैंगलोर याने कि मनोरंजन की फ़ुल गारंटी (Wonderla Bangalore Means Full Enjoyment)

    वन्डरला एम्यूजमेंट पार्क बैंगलोर मैसूर रोड पर बैंगलोर से लगभग ३५ किलोमीटर दूर है, और यह मैसूर हाईवे से लगभग १.७ कि.मी. अंदर है, अगर अपने वाहन से जा रहे हैं तो यहाँ पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है और बहुत ही विशाल पार्किंग है।

Wonderla Harsh  Harsh with His friend

वन्डरला एम्यूजमेंट पार्क याने कि मनोरंजन की फ़ुल गारंटी, मनोरंजन पार्क को अच्छा साफ़ सुथरा रखा गया है और लगभग ७ एकड़ क्षैत्र में बनाया गया है।

    वन्डरला का एन्ट्री टिकिट बच्चों के लिये ऊँचाई के अनुसार है, एन्ट्री टिकिट ऑनलाईन भी खरीद सकते हैं या फ़िर वहाँ जाकर लाईन में लगकर क्रेडिट कार्ड या नकद खरीद सकते हैं, दोनों की अलग अलग लाईनें हैं।

MonkeyFace WaterPlayPool

    सप्ताहांत और सार्वजनिक अवकाश वाले दिन वन्डरला का टिकिट बड़ों के लिये 680 रुपये और बच्चों के लिये 490 रुपयों का होता है। ज्यादा जानकारी वन्डरला की वेबसाईट से ली जा सकती है ।

यहाँ पर तीन प्रकार की राईड्स हैं – ड्राय राईड्स, वॉटर राईड्स और किड्स राईड्स।

    लगभग सभी ड्राय राईड्स में बैठने के लिये बहुत ही हिम्मत चाहिये होती है, क्योंकि या तो राईड्स बहुत तेजी से नीचे से ऊपर या ऊपर से नीचे आती हैं, या फ़िर थोड़ा ऊपर जाकर गोल गोल घुमाती हैं। वैसे हमने तो बहुत मजे किये सबसे अच्छा लगा मावेरिक । और रोमांच के लिये नेट वॉक है, नेट वॉक बहुत दिनों बात देखी थी इसलिये ६-७ बार वॉक कर ली, इसके पहले एन.सी.सी. में आर्मी अटैचमेन्ट केम्प में की थीं।

High Wheels Elephant ride

    वॉटर राईड्स में प्ले पूल्स, वेव पूल्स, लेजी रिवर, रेन डिस्को और बहुत सारी राईड्स हैं, कुछ फ़ैमिली राईड्स भी हैं। पानी की स्वच्छता का भरोसा वन्डरला देता है परंतु हमें उतना भरोसेमंद नहीं लगा, पानी में लोगों ने गंदगी फ़ैलायी हुई थी, अत: पानी को मुँह में न जाने दें और कोशिश करें कि अपना सिर बचा कर रखें, ज्यादा भीग न पाये।

Elephant ride in Wonderla Ride in Wonderla

    किड्स राईड्स में जम्पिंग फ़्रॉग्स, मिनि एक्सप्रेस, मेरी घोस्ट्स, मिनि पाईरेट शिप, कोन्वॉय, फ़ंकी मंकी और भी बहुत सारी राईड्स हैं। इन राईड्स में बिल्कुल बड़ों की राईड्स जैसा ही मजा है बस इसमें बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से ऊँचाई और रफ़्तार कम है।

Kids Ride Monkey face

    सबसे बाद में हमने देखा म्यूजिकल फ़ाऊँटेन और लेजर शो, जो कि थोड़ी देर का ही है, परंतु बेहतरीन है, म्यूजिकल फ़ाऊँटेन तो बहुत जगह देखने को मिलेंगे, पर जो लेजर शो वन्डरला में है वैसा तो कहीं देखा ही नहीं।

    खाने के लिये बहुत सारे रेस्टोरेंट उपलब्ध हैं, बाहर से खाने पीने की वस्तुएँ अंदर ले जाने की मनाही है, पर फ़िर भी सबके भाव बहुत ज्यादा महँगे नहीं हैं, पर हमें खाने की गुणवत्ता ज्यादा ठीक नहीं लगी, पर अगर ज्यादा थके रहते हैं और बहुत तेज भूख लगती है तो कुछ भी खाने को मिल जाये अच्छा ही लगता है।

दिल के मरीज,  रक्तचाप के मरीजों के लिये राईड्स पर मनाही है।

    कुल मिलाकर वन्डरला मनोरंजन पार्क जाना एक बहुत ही अच्छा अनुभव रहा, बस कोशिश करॆं कि सप्ताहांत की जगह सप्ताह में किसी दिन जायें तो भीड़ कम मिलेगी और सारी राईड्स के मजे ले पायेंगे।

होली के बहाने होली है… होली है…

Holi

होली मौसम है रंग का, लाल पीले हरे नीले गुलाबी सभी रंगों का, जीवन में रंगों की लहलहाती फ़सलों को बाँटने का..

होली बहाना है भांग छानने का, मौका है तरन्नुम में जमने का, और तरन्नुम जमाने का,  बड़ों को भी बच्चा बनने का..

होली पर कितने ही पकवान बनते हैं, गुझिया, चकली, शक्करपारे, ठंडाई और सबसे बड़ा पकवान पकता है प्यार का, प्रेम का जो बरसों तक दिलों में रहता है..

होली के बहाने पता नहीं लोग क्या क्या करने की कोशिश करते हैं। कुछ लोग दुश्मनी को दोस्ती में बदलते हैं तो कुछ लोग दोस्ती को दुश्मनी में..

होली प्यार का त्यौहार है, यारों की यारी निभाने का प्यार है, पर फ़िर भी कुछ लोग होते हैं जो यारों की यारी में बदमाशी करते हैं..

हैप्पी होरी कहते हैं हम भी होली के बहाने ओह सॉरी हैप्पी होली, फ़ाग के रंग में कड़ाई में डूबें और जम कर डुबायें..

होली है… होली है…

गोल्ड लोन के बारे में कुछ छोटी छोटी जरुरी बातें

    अभी मैंने गोल्ड लोन के बारे में लिखा तो पाठकों की प्रतिक्रिया कुछ इस प्रकार थीं कि लोन लेना अच्छी बात नहीं है, इससे बचना चाहिये मैं भी व्यक्तिगत रुप से इस बात पर सहमत हूँ कि लोन लेना बिल्कुल अच्छी बात नहीं है और जो एक बार अगर लोन के जाल में फ़ँस गया उसका भँवर से निकलना बहुत ही मुश्किल हो जाता है।

    पर लोन लेना न लेना पूरा व्यक्तिगत निर्णय होता है जो कि परिस्थितियों पर निर्भर करता है। वैसे अगर लोन लेने वाले की मानसिकता को देखें तो आप पायेंगे कि व्यक्ति जो कि लोन लेता है वह अपनी किसी ख्वाईश को पूरा करने लिये ही लेता है। लोन आपके सामाजिक प्रतिष्ठा को बदल देता है, जैसे कि घर के लिये लोन या फ़िर कार लोन या फ़िर किसी और महँगे इलेक्ट्रानिक उपकरण के लिये लोन, ये लोन मजबूरी में नहीं लिये जाते हैं ये लोन लिये जाते हैं, ये लोन आपके अपने वित्तीय लक्ष्य को पूरा करने में मदद करते हैं। अगर आज बात करें कि घर लेना है तो शायद ही किसी नौकरीपेशा व्यक्ति के पास एकमुश्त इतना पैसा हो कि वह घर नकद में ले सके, तो लोन वह अपने सपने को पूरा करने के लिये लेता है।

    हाँ शायद अन्य लोन लेना इतने जरुरी नहीं, आम व्यक्ति शायद उन्हें नकद ले सकता है परंतु सब अपना बजट बना कर चलते हैं और नकद न लेकर लोन लेना सुविधाजनक लगता है, क्योंकि हर माह एक निश्चित रकम निकालना ज्यादा आसान लगता है और नकद अपने पास भी रहता है जो कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिती में काम आ सकता है।

    लोन पूर्णतया: व्यक्तिगत फ़ैसला होता है, अब बात करें लोन की अवधि की तो वह भी हर व्यक्ति का अपना खुद का निर्णय होता है, जो कि कमाई पर निर्भर करता है। बड़े लोन जैसे कि घर या कार के लोन को लंबे समय तक रखना चाहिये और छोटे लोन जल्दी ही चुका देना चाहिये। अब अगर किसी को १५ दिन से ३ माह के लिये ही लोन चाहिये और जल्दी लोन चाहिये तो केवल गोल्ड लोन ही एकमात्र सहारा है और अगर इस बात पर यकीन नहीं है तो खुद ही किसी भी बैंक में जाकर परख लीजिये लोन लेने के लिये इतनी औपचारिकताएँ होती हैं कि कम से कम १० दिन तो लग ही जाते हैं।

    अब गोल्ड बेचना तो हल नहीं है ना अगर किसी को केवल १५ दिन के लिये कुछ ज्यादा रकम चाहिये तो मैं नहीं समझता कि गोल्ड लोन में कोई बुराई है, अगर गोल्ड बेचेंगे तो उसमें कटौती ही इतनी हो जायेगी कि आपको उसमें ज्यादा नुक्सान हो जायेगा और हो सकता है कि उन गहनों के साथ आपका भावनात्मक लगाव भी हो।

    और अगर आपने लोन के कागज जो कि लोन लेते वक्त हस्ताक्षर करना होते हैं, पढ़ लिये तो फ़िर तो शायद ही कभी लोन लें। लोन न लेना ठीक है परंतु उसके बारे में जान लेना बहुत जरुरी है, वह जानकारी शायद आपके ही किसी परिचित के काम आ जाये।

गोल्ड लोन – चमक असली या नकली

    आजकल टीवी और रेडियो पर कितने ही लुभावने विज्ञापन आते हैं कि जब भी आपको रुपयों की जरुरत हो तो गोल्ड लोन लेना कितना साधारण है और एकदम और कभी भी ले सकते हैं। उतना ही महत्वपूर्ण है कि गोल्ड लोन के पीछे की सच्चाई जानना, क्या वाकई गोल्ड लोन लेना बहुत अच्छा है और सुरक्षित है ?

    “जब घर में पड़ा है सोना तो काहे का रोना” आजकल अक्षय कुमार टीवी और रेडियो के विज्ञापनों में मन्नपुरम फ़ाईनेंस के गोल्ड लोन के लिये कहते हुए नजर आते हैं। जितना साधारण गोल्ड लोन दिखता है कि बस गोल्ड को गिरवी रखा और उसके बदले में आनुपातिक रुप में फ़ाईनेंस कंपनी लोन दे देती है, उतना साधारण भी नहीं है, इसमें बहुत सारे जोखिम और कमियाँ हैं।

    पहले तो गोल्ड लोन केवल सुनारों और साहूकारों की बपौती थी, जो कि लोन का दोगुना तक वसूलते थे। पर अब सरकारी बैंक, निजी बैंक और बहुत सारी निजी फ़ाईनेंस कंपनियाँ गोल्ड दे रही हैं।

    गोल्ड लोन आपके सोने के गहने या शुद्ध सोना जैसे कि ईंट को गिरवी रखकर दिया जाता है। और यह जरुरी नहीं कि जो सोना आप गिरवी रखकर लोन लेने जा रहे हैं वह आपने घोषित किया हो, परंतु अगर सोना ज्यादा मूल्य का हो और लोन भी तो टैक्स विभाग बैंकों और फ़ाईनेंस कंपनियों से जानकारी लेकर आपके पीछे पड़ सकता है।

    गोल्ड लोन एक ऐसा उत्पाद है जो कि बहुत ही जल्दी आपको मिल जाता है। जल्दी से लोन मिलने का एकमात्र कारण है कि लोन आपको सोने को गिरवी रखकर मिलता है। लोन की रकम सोने की मात्रा और शुद्धता के ऊपर निर्धारित किया जाता है। पर यहाँ पर सबसे बड़ी बात यह है कि गोल्ड लोन देने वाली संस्थाएँ इस बात का ध्यान नहीं रखती हैं कि ऋणी ऋण चुका भी पायेगा या नहीं ?

    सोने का मूल्यांकन के पैमाने सभी कंपनियों के अलग अलग होते हैं, अगर आपका सोना हालमार्क है तो आपके सोने की कीमत अच्छी आंकी जायेगी और ज्यादा लोन मिल पायेगा। परंतु अगर सोना हालमार्क नहीं है तो आपको बहुत सतर्क रहने की जरुरत है क्योंकि आपके ज्यादा कीमत वाले सोने का मूल्यांकन बहुत ही कम किया जा सकता है और आपका सोना जो कि कीमत में बहुत ज्यादा है वह संस्था गिरवी रख लेगी। गोल्ड लोन केवल सोने के गहने के बदले ही मिल सकता है। अगर गहने में कोई महँगा पत्थर जड़ा है तो उसकी कीमत नहीं आंकी जाती है, और भार में पत्थर का भार कम कर दिया जाता है। मूल्यांकन केवल सोने का ही किया जाता है।

    लोन में कितनी रकम मिल सकती है यह सोने की मात्रा और शुद्धता पर निर्भर करता है, जो कि गिरवी रखा जाना है। जो कि  सोने के मूल्यांकन का ६० प्रतिशत से १०० प्रतिशत तक हो सकता है। यह सब तो ठीक है, परंतु यहाँ सोने के मूल्य के अनुपात जिस पर लोन दिया जा रहा है उसके लिये बाजार का अपना एक स्वाभाविक जोखिम है। जैसा कि बाजार में पिछले कुछ दिनों में देखने को मिला है कि सोना कभी बहुत ज्यादा ऊपर और फ़िर कम भाव हो जाते हैं। सोने के भाव में कमी होने पर ऋणकर्ता और ऋणदाता दोनों जोखिम में आ जाते हैं। बाजार में आजकल यही सोचा जाता है कि सोने का भाव केवल ऊपर ही जायेगा जो कि बाजार और ऐसी संस्थाओं के लिये बहुत ही बड़ा जोखिम है।

    गोल्ड लोन की अवधि साधारणतया: १ माह से लेकर २ वर्ष तक की होती है, और अगर लोन की अवधि बढ़ानी है तो बढ़ा भी सकते हैं, परंत उसके लिये ये संस्थाएँ कुछ अतिरिक्त शुल्क लेती हैं।

    गोल्ड लोन पर ब्याज दर ११ प्रतिशत से २८ प्रतिशत प्रतिवर्ष तक हैं। ब्याज दर गोल्ड लोन की रकम पर निर्भर करती है, जितना सोना आपने गिरवी रखा है और उसके बदले में मिलने वाली रकम अगर ज्यादा होगी तो ज्यादा ब्याज और कम रकम पर कम ब्याज। साथ ही यह निर्भर करता है गोल्ड लोन के अनुपात पर अगर अनुपात ज्यादा है तो ब्याज ज्यादा होगा और कम अनुपात होगा तो लगभग १२ प्रतिशत ब्याज होगा। ज्यादा समय के लिये ज्यादा ब्याज देय होता है और कम समय के लिये कम ब्याज देय होता है।

   ऋण देने वाली संस्थाओं और बैंकों को सुनिश्चित करना होता है कि सोना शुद्ध है और नकली नहीं है, नहीं तो उनके लिये तो पूरा ऋण ही घाटा है।

  ब्याज दर के अलावा अतिरिक्त शुल्क क्या हैं यह भी पहले पता लगा लेना चाहिये जैसे कि प्रोसेसिंग चार्जेस, समय के पहले ऋण अदा करने पर शुल्क जो कि गोल्ड लोन के ०.५ से १ प्रतिशत तक कुछ भी हो सकता है। फ़िर अगर लोन को रिनिवल करवाना है तो लोन की अवधिक के अनुसार उसका भी अतिरिक्त शुल्क लिया जाता है। और अगर इसी दौरान ऋणकर्ता को कुछ हो जाये तो ऋणदाता उसके लिये बीमा करवाते हैं, जिससे लोन की रकम भरी जा सके और सोना ऋणकर्ता के परिवार को लौटा दिये जाते हैं, बीमा का शुल्क भी अतिरिक्त होता है।

    गोल्ड लोन अधिकतर ईएमआई आधारित नहीं होता है। लोन की अवधि में कभी भी भुगतान किया जा सकता है। जैसे कि अगर एक वर्ष के लिये लोन लिया है तो आप एक वर्ष में  उस लोन का कभी भी भुगतान कर सकते हैं।

     गोल्ड लोन में चूककर्ता बहुत ही कम होते हैं, ३० प्रतिशत ॠणकर्ता तो उसी माह में लोन चुकता कर देते हैं और बाजार में २ प्रतिशत से भी कम ॠणकर्ता गोल्ड लोन में चूककर्ता होते हैं। अगर चूक होती भी है तो ऋणदाता गिरवी में रखा गया सोना या गहना बेचकर अपनी रकम वसूल कर लेते हैं।  पर गिरवी  रखे गये सोने की नीलामी की भी लंबी प्रक्रिया है पहले चूककर्ता को रजिस्टर्ड पत्र भेजा जाता है, साथ ही उनसे बात करके मामले को सुलझाने की कोशिश की जाती है, उन्हें कहा जाता है कि कम से कम ब्याज तो चुकायें तो फ़िर उन्हें और ॠण चुकाने के लिये समय देने की कवायद शुरु की जाती है।

    गोल्ड लोन सस्ता लोन नहीं है, और गोल्ड लोन तभी लेना चाहिये जब आप निश्चित हों कि निश्चित समय के बाद आप रकम वापिस भरकर गोल्ड लोन चुका सकते हैं। हाँ और किसी लोन से यह लोन लेना बहुत ही सरल है और लोन जल्दी भी मिल जाता है। और अगर समय पर लोन नहीं चुकाया जाता है तो आप अपने महँगे सोने के गहनों को कम रकम के लोन के चक्कर में गँवा सकते हैं।

फ़्री में फ़िल्में कैसे डाऊनलोड करें (How to download films ..)

अभी कुछ दिनों से कुछ मित्रों और सहयोगियों ने Download Films फ़िल्म डाऊनलोड संबंधित कुछ सवाल पूछे –

Download Films

– फ़्री में फ़िल्में कैसे डाऊनलोड करें
– टोरंट से फ़िल्म कैसे डाऊनलोड करें
– फ़िल्म कितनी देर में डाऊनलोड होती है
– फ़िल्में कौन अपलोड करता है
और भी बहुत कुछ …. तो मैंने सोचा कि चलो इस पर ही लिख देते हैं।

वित्तगुरु वित्तीय जानकारियाँ हिन्दी भाषा में

    फ़िल्म डाऊनलोड करने के लिये मैं isohunt.com का उपयोग करता हूँ, वैसे यहाँ केवल फ़िल्म ही नहीं बहुत सारी चीजें जैसे किताबें, ऑडियो, टीवी शो, गेम्स, फ़ोटो, एनिमेशन, कॉमिक्स, एप्लिकशन्स और भी बहुत सारी चीजें उपलब्ध हैं। साधारणतया: यहाँ फ़्री और सभी तरह के क्रेक्ड वर्शन्स उपलब्ध होते हैं। जिससे आपको लायसेंस न खरीदना पड़े, हाँ यह सही नहीं है, परंतु अगर फ़्री में अच्छी चीज मिल रही हो तो क्या फ़र्क पड़ता है। डाऊनलोड करने के पहले देख लें कि फ़्री है तो ठीक और अगर क्रेक्ड वर्शन है और अगर आप पायरेटेड सॉफ़्टवेयर नहीं उपयोग करते हैं, तो डाऊनलोड न करें।
    डाऊनलोड करने के लिये टोरंट एपलिकेशन डाऊनलोड कर संस्थापित करना होगी, जो कि यहीं इसी साईट पर फ़्री में उपलब्ध है। या आप इसे फ़ाईलहिप्पो से भी डाऊनलोड कर सकते हैं।
    एक बार टोरंट एपलिकेशन संस्थापित हो जाये, फ़िर आप कुछ भी डाऊनलोड कर सकते हैं जो कि इस साईट पर उपलब्ध है, बस आपको अपना कीवर्ड सर्च में डालना होगा, और सर्च करना होगा, फ़िर एक नया पेज खुलेगा, तो वहाँ एक तालिका बनी आ जायेगी। उसमें कैटेगरी, ऐज, टोरंट टेग नाम, साईज, सीडर्स और लीचर्स होंगे। कैटेगरी में अगर फ़िल्म डाऊनलोड करना हो तो Video/Movies होना चाहिये, इसका प्रिंट अच्छा होगा। टीवी शो ढूँढ़ना हो तो टेलिविजन में ढूँढिये। ऐज (उम्र) वह  फ़ाईल कितने दिन पहले अपलोड की गई थी। साईज फ़ाईल का साईज बताता है, इसके बाद कितने सीडर्स और लीचर्स है।
    अब टोरंट नाम पर क्लिक करके चुन लें तो एक नया पेज खुलेगा, वहाँ पर डाऊनलोड का बटन दिखायी देगा और बड़े फ़ोंट में Download .torrent लिखा होगा, इस पर क्ल्कि करेंगे तो एक छोटी सी फ़ाईल डाऊनलोड होगी जिसका एक्सटेंशन .torrent होगा। अब इस .torrent फ़ाईल को डबल क्लिक करेंगे तो टोरंट प्रोग्राम में खुल जायेगी और डाऊनलोड होने लगेगी। सेटिंग्स में जाकर डाऊनलोड फ़ोल्डर जरुर दे दें नहीं तो साधारणतया: यह My Downloads में आ जाती है।
    ध्यान रखने की बात – यह डाऊनलोड और अपलोड डाटा ज्यादा मात्रा में करता है, अमूमन जो साईज है, इसलिये पहले अपने ब्रॉडबेंड प्लॉन को देख लें, जितनी ज्यादा ब्रॉडबेन्ड की रफ़्तार होगी उतनी ही रफ़्तार से फ़िल्म डाऊनलोड होगी।
750 mb की फ़ाईल डाऊनलोड मॆं लगने वाला समय, यह कम और ज्यादा भी हो सकता है।
128 kbps – 8-12 घंटे
1 mbps – 40 min. – 1 घंटा

आओ पैसा कमायें “शेयर बाजार में निवेश” – भाग १

    जब आप निवेश करते हैं, तो उसे सरल ही रखें। वही करें जो बिल्कुल सरल और स्पष्ट है, बफ़ेट सलाह देते हैं – जटिल प्रश्नों के लिये जटिल उत्तर देने की कोशिश मत करिये।

    अधिकतर लोगों की यह धारणा है कि शेयर बाजार में निवेश करना बहुत जटिल, रहस्यों से भरा और जोखिम भरा होता है इसलिये इसे इसके पेशेवरों को ही करना चाहिये। यह हम सबकी मानसिकता और एक आम धारणा है कि आम आदमी सफ़ल निवेशक नहीं बन सकता क्योंकि निवेश में सफ़लता के लिये उन्नत व्यावसायिक डिग्री, कठिन गणितीय सूत्रों में महारत, जटिल कम्पयूटर प्रोग्राम का आपके पास होना जो कि शेयर बाजार का हाल बतायें और इतना सारा समय कि आप शेयर बाजार, चार्ट, मात्रा, आर्थिक रूझान आदि पर ध्यान दे पायें।

    वारेन बफ़ेट ने बता दिया कि यह सब मात्र मिथक है।

    बफ़ेट ने शेयर बाजार में सफ़लता के लिये जो राह खोजी वह बहुत जटिल नहीं है। कोई भी व्यक्ति जो सामान्य बुद्धि रखता हो वह सफ़ल निवेशक बनने की काबिलियत रखता है, किसी भी पेशेवर की सहायता के बिना, क्योंकि निवेश के सिद्धांत समझने के लिये बहुत ही आसान हैं।

    बफ़ेट केवल ऐसे व्यापारों के शेयरों में निवेश करते हैं, जो आसानी से समझा जा सके, मजबूत, ईमानदार और टिकाऊ व्यापार हो, जिसकी सफ़लता की व्याख्या बहुत सरल हो, और वे कभी भी ऐसे व्यापार में निवेश नहीं करते हैं जिसे वे नहीं समझते हैं।

    बफ़ेट के निवेश सिद्धांतों का सार और अच्छी बात केवल सरलता ही है।  इसके लिये आपको जटिल गणित, वित्तीय पृष्ठभूमि, अर्थव्यवस्था के बारे में जानकारी और शेयर बाजार भविष्य में कैसे होंगे, इनकी जानकारी होना आवश्यक नहीं है। यह सामान्य बुद्धि से आदर्श, धीरज और साधारण मूल्यों पर आधारित है, जो कि कोई भी निवेशक आसानी से समझ कर अपना सकता है। जबकि बफ़ेट की धारणा है कि निवेशक गणितीय सूत्रों, शार्टटर्म बाजार के भविष्य और चाल, बाजार और वोल्यूम पर आधारित चार्ट्स को देख कर अपने को ही मुश्किल में डालते हैं।

    वस्तुत:  बफ़ेट कहते हैं कि जटिलता आपको सफ़लता से दूर करती है। खुद को निवेश के नये सिद्धांतो में उलझाने की कोशिश न करें, जैसे कि ऑप्शन्स प्राईसिंग या बीटा। बहुत सारे मामलों में आप नयी तकनीकी में खुद को बेहतर स्थिती में नहीं पायेंगे। बफ़ेट ने अपने गुरु से एक बात सीखी कि “आपको असाधारण नतीजों के लिये असाधारण साहस की जरुरत नहीं होती है”।

    हमेशा खुद को साधारण रखें। लक्ष्य कैसे चुनें –  अच्छी कंपनी के शेयर खरीदें, जो कि ईमानदार और काबिल लोगों द्वारा चलायी जा रही हो। आप अपने शेयर के लिये कम भुगतान कीजिये, भविष्य में उसकी अर्जन क्षमता को पहचानें। फ़िर उस शेयर को लंबे समय तक अपने पास रखें और बाजार को आपके द्वारा किये गये निर्णय पर मुहर लगाने दीजिये।

    बफ़ेट के निवेश सिद्धांत में सबसे महत्वपूर्ण सिद्धांत “सरलता” है। जो बफ़ेट की अविश्वसनीय उपलब्धियों के बारे में बताती है। इसी से पता चलता है कि कैसे बफ़ेट ने वाशिंगटन पोस्ट शेयर के निवेश में १.६ करोड़ से १ अरब बनाये, कैसे कोका-कोला में १ अरब के निवेश से ८ अरब बनाये, और उन्होंने ४.५ करोड़ के गीको बीमा कंपनी के शेयर खरीदे और आज उसकी कीमत १ अरब से ज्यादा है।

जिस व्यापार को आप समझते नहीं है, उसमें कभी भी निवेश न करें।

बफ़ेट ने अपने साधारण नियम्र और सिद्धांतों से बार्कशायर हाथवे को १०० करोड़ से ज्यादा की कंपनी बना दिया। जब भी शेयर बाजार में निवेश करना होता, तो वे अपना धन ऐसे व्यापार में लगाते जो कि समझना आसान हो, ठोस और मजबूत व्यापार, स्थायी और नीतिपरक प्रबंधन हो। वे बहुत सारे शेयर लॉट में खरीद लेते हैं, जब बाजार में लोग सस्ते दामों में बेच रहे होते हैं। संक्षेप में कहें तो यही उनकी सफ़लता का राज है।

    शेयर का भविष्य बताने वाले सॉफ़्टवेयरों के बारे में भूल जायें जो कि शेयर की कीमतों का इतिहास, अस्थिरता और बाजार की चाल बताते हैं। बफ़ेट कम्प्यूटर का उपयोग करते हैं, परंतु ब्रिज खेलने के लिये न कि शेयर का उतार चढ़ाव देखने के लिये। आपके निवेश का लक्ष्य भी बफ़ेट के जैसा ही होना चाहिये, उन्हीं व्यापार में निवेश करना चाहिये जो कि आपको समझने में आसान हो, जिस व्यापार को आप समझते हैं, और आपको लगता हो कि भविष्य में यह कंपनी बहुत अच्छा करेगी, तो मुनसिब समय का इंतजार करें और यथोचित भाव आने पर खरीदें।

हमेशा अपने निवेश पर फ़ैसलों के लिये तीन सिद्धांतों पर चलें –

१. हमेशा निवेश सरल रखें – कभी भी अपने निवेश को जटिल न बनायें, और हमेशा अपनी जानकारी के अनुसार खरीदे गये व्यापार को ही खरीदें और उस पर अड़िग रहें। जिस निवेश में जटिलता हो, उसमें निवेश करने से बचें।

२. अपने निवेश के फ़ैसले खुद लें – अपने निवेश के सलाहकार खुद बनें। उन ब्रोकर्स और बेचने वाले लोगों से बचें जो कि किसी एक शेयर या म्यूच्यल फ़ंड को तरजीह देकर खरीदने के लिये प्रेरित करते हैं, क्योंकि उस पर उन्हें मोटी कमाई होती है। स्पष्टत: ये लोग दिल से आपको अच्छे निवेश नहीं दिलवाते हैं।

३. उसे पढ़ो जिसने बफ़ेट को पढ़ाया – वह आदमी जिसका जबरदस्त प्रभाव बफ़ेट पर है उनके पिता के अतिरिक्त, वह हैं हार्वर्ड के बेंजामिन ग्राहम, जिन्हें नीति निवेश का पितामह भी कहा जाता है। जिन्होंने वर्षों पहले बफ़ेट को पढ़ाया कि निवेश में सफ़लता सरलता में है जटिलता में नहीं। और वाकई ग्राहम को पढ़ना बहुत अच्छा है।

बफ़ेट के साधारण कूटनीतियों को मत भूलिये जो कि उन्हें असाधारण नतीजों की ओर ले गया।