नववर्ष में परिवार को सुरक्षित करें अगर आप ने अभी तक अपने परिवार को सुरक्षित करने की नहीं सोची है तो अब तत्परता से सोचिये और नये साल का तोहफ़ा दीजिये।
परिवार को सुरक्षित कैसे करेंगे इंश्योरेन्स से, जी हाँ आपने बिल्कुल सही पढ़ा है इंश्योरेन्स से। केवल इतना सोचिये अगर कल आप अपने परिवार के साथ न रह पायें तो परिवार कैसे अपना गुजारा करेगा, नहीं ९९% लोगों ने कभी इस बारे में नहीं सोचा है, केवल १% लोगों ने ही इस बारे में सोचा है। जी हाँ बिल्कुल कटु सत्य है यह, जबाब आपको अपने आप से या आसपास के लोगों से पूछ्कर ही पता चल जायेगा कि आप कितने जागरुक हैं अपने परिवार की सुरक्षा के लिये।
अब बहुत से लोग बोलेंगे कि हमने इंश्योरेन्स करवा रखा है तो अब हम इस बारे में बात करते हैं, अगर आपने LIC का इंश्योरेन्स करवा रखा है तो आपके परिवार को कितनी सुरक्षा मिल रही है, अरे देखिये भई पाँच लाख या उससे भी कम या थोड़ी सी ज्यादा, क्यों ?
क्योंकि हम भारतीय जब भी जहाँ भी पैसे लगाते हैं तो यह सोचते हैं कि इससे कितना पैसा वापिस मिलेगा, पर हम मौत जैसे कटु सत्य के बारे में नहीं सोचते हैं, क्योंकि जाने क्यों हम मौत के बारे में सोचना या बात करना पसंद नहीं करते हैं, हम अपने आप को भगवान समझने लगते हैं, कि मैं कोई इतनी जल्दी थोड़े ही मरने वाला हूँ, मेरा प्रश्न है अगर मर गये तो ?
इसके बाद आप अपने परिवार को किस स्थिती में पाते हैं, सोचिये अरे सोचिये, सोचा ?
घबरा गये न कि कुल जमा पूँजी, और इंश्योरेन्स के केवल इतने ही पैसे मिल पायेंगे, जी हाँ, केवल इतने ही कि कुछ २-३ साल का खर्च ही चल पायेगा, पर उसके बाद क्या ?
बच्चों की फ़ीस कौन भरेगा, किराना कौन लायेगा, और ऊपर से ये महँगाई जो कि कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। अगर आपके पास कोई सपोर्ट नहीं है जैसे कि घरवाली घर संभालती हो, तो एकदम उसे भी तो मार्केट में एकदम नौकरी नहीं मिलेगी और अगर मिलेगी भी तो कितनी तन्ख्वाह की उम्मीद करेंगे। सोचिये सोचिये ?
जी हाँ, इस नववर्ष के अवसर पर अपने परिवार को अपना इंश्योरेन्स करवाकर उनका भविष्य सुरक्षित कर नववर्ष का तोहफ़ा दीजिये। अरे नहीं मैं कोई बीमा एजेन्ट नहीं हूँ, मैं तो केवल बता रहा हूँ । 🙂
आपकी वार्षिक सैलेरी से कम से कम दस गुना आपका टर्म इंश्योरेन्स होना चाहिये, अगर ५ लाख सालाना सैलेरी है तो कम से कम ५० लाख का इंश्योरेन्स होना चाहिये, कि आपके परिवार के साथ न रहने की स्थिती में कम से कम परिवार ठीक प्रकार से अपना जीवन यापन कर पाये।
ओहो, अब आप भी बोल रहे होंगे कि प्रीमियम तो बतायी ही नहीं ५० लाख की २५ वर्ष की अवधि के लिये और ३५ वर्ष की उम्र के व्यक्ति के लिये प्रीमियम बनती है सलाना लगभग १५,००० और अभी एगोन रेलीगेयर ने एक नया प्लान बाजार में उतारा है जो कि केवल ओनलाईन ही उपलब्ध है, आई टर्म । जिसकी प्रीमियम लगभग ८५०० रुपये है।
अब भी सोच रहे हैं अरे अपने बीमा एजेन्ट को बुलाईये और उसके झांसे में न आयें कि ulip प्लान ले लें या कोई और जिसमें पैसा वापिस मिले, बोलिये कि मुझे केवल टर्म इश्योरेन्स ही चाहिये, मुझे पैसा वापिस नहीं चाहिये, परिवार को सुरक्षित करिये।
कोई सवाल हो तो टिप्पणी कीजिये, जबाब देने की कोशिश करुँगा।