Tag Archives: मेरी जिंदगी

पेट्रोल पंप पर हो रही लूट से कैसे बचे हम

  कल ऑफिस से आते समय सोचा कि गाड़ी में पेट्रोल भरवा लिया जाये, पर कोहरा इतना जबरदस्त था कि जाने की इच्छा होते हुए भी सोचा कि कल सुबह पेट्रोल भरवा लिया जायेगा। और फिर नाईट्रोजन भी टायरों में चैक करवानी थी, और नाईट्रोजन के हवा वाला पंप केवल सुबह 9 से शाम 8 बजे तक खुलता है। इसलिये भी यह निर्णय लिया गया कि कल सुबह ही भरवा लिया जाये क्योंकि उस समय रात के 10 बज रहे थे।

     सुबह तैयार होकर कुछ कागजों की स्पाइरल बाईंडिंग करवानी थी, तो उनको बाईंडिंग के लिये देकर पेट्रोल भरवाने के लिये चल पड़े, हाईवे की और पास में ही पेट्रोल पंप हैं, पर इस जयपुर हाईवे पर कब कितना समय लग जाये कह नहीं सकते इसलिये शहर के अंदर ही लगभग 3 किमी दूर पेट्रोल पंप पर ही हमेशा से पेट्रोल भरवाते हैं।
    एच.पी. का पेट्रोल पंप हमें हमेशा से ही अच्छा लगता है, कारण पता नहीं परंतु हम शुरू से ही एच.पी. से पेट्रोल लेते आये हैं। हमने पेट्रोल पंप पर कहा कि पेट्रोल भरना, ये पेट्रोल गाड़ी है, कह देना ठीक होता है, उन्हें थोड़े ही ध्यान रहता है कि पेट्रोल गाड़ी है या डीजल, और हमने फ्यूल के ढक्कन पर लिखवा भी नहीं रखा है, फिर पेट्रोल भरने के पहले हमें 0 रीडिंग पढ़वा दी गई, और हम अपने बेटे के साथ बात में मस्त हो गये। थोड़ा समय ही बीता था कि देखा इतनी देर में तो 25 लीटर पेट्रोल भर सकता है, और अभी तक केवल 4.5 लीटर ही हुआ था, सो हमें कहा गया कि 300 रू. का करके फिर से शुरू करते हैं, कभी कभी मशीन धीरे चलती है, हमने कहा ठीक है, हम फिर से बेटेलाल से बात करने लग गये, फिर ध्यान आया कि कितना पेट्रोल भर गया है देख तो लें। देखा कि 900 रू. का भर चुका है, फिर लगभग 25.5 लीटर पेट्रोल भर गया फुल टैंक। हमने पूछा कि कितना बिल हुआ, हमें कहा गया कि 1900 रूपया हुआ, 300रू पहले का और 1600 रू. बाद का, हमने अपना HDFC Bank Credit Card स्वाईप करने को दे दिया।
    इधर हम मन ही मन गणित कर रहे थे कि गाड़ी में लगभग 33-35 लीटर की टंकी है और पहले से ही पेट्रोल के कांटे के हिसाब से लगभग 7 लीटर पेट्रोल होगा तो इन्होंने 30 लीटर पेट्रोल कैसे भर दिया, पीछे लाईन लंबी थी, सो हमें कहा गया कि जब तक स्वाईप होकर आपका क्रेडिट कार्ड आता है, तब तक आप थोड़ा आगे हो जायें, हम गाड़ी लेकर वहीं पर नाईट्रोजन टायरों में चैक करवाने लगे, हमें पहले हाथ से बनाया हुआ बिल दिया, तो हमें शक हुआ, कि हमेशा तो ये लोग मशीन का बिल देते हैं, और हमारा मन ही मन गणित भी ठीक नहीं हो रहा था, सो हमने उनसे कहा कि मुझे तो मशीन का बिल ही चाहिये, जब मुझे मशीन का बिल दिया तो एक 300 रू. का और दूसरा 1605 रू. का था, हमने ध्यान से दोनों बिलों को देखा तो पेट्रोल पंप की लूट या कर्मचारियों की लूट समझ आ गई।
    300 रू. के बिल पर समय अंकित था 10.26 और 1605 रू. के बिल पर 10.24, दोनों बिलों के अटेंडरों के नाम भी अलग थे, दोनों बिलों पर भरने वाली मशीन का आई.डी. भी होता है, वह भी अलग अलग था, इस विश्लेषण तक नाईट्रोजन भर चुकी थी, हमने गाड़ी रिवर्स करी, पार्किंग करके बेटेलाल को साथ लिया और मैनेजर के केबिन की और चल दिये, तो पता चला कि मैनेजर अभी तक आये नहीं हैं, वहाँ खड़े एक व्यक्ति ने कहा कि मैं सुपरवाईजर हूँ बताईये क्या समस्या है, उसे हमारी बात में तर्क लगा, उसने दोनों बिल ले लिये और पीछे हमारी गाड़ी का नंबर लिखा, हमने अपना मोबाईल नंबर भी लिखवाया और कहा कि मैनेजर से हमारी बात करवाईयेगा, उसने चुपचाप हमें 300 रू. नगद वापस कर दिये।
    चाहते तो हम पेट्रोल पंप वाले को लंबा नाप सकते थे, परंतु हमने अपनी सतर्कता से अपनी मेहनत की कमाई को लुटने से बचा लिया। आप भी आगे से ध्यान रखियेगा कि कहीं आप भी तो ऐसी लूट का शिकार नहीं हो रहे हैं।

विष्णु प्रभाकर की पंखहीन पढ़ते हुए कुछ भाव, मीरापुर, किताबों को शौक और डाकुओं के किस्से

    “पंखहीन” कल से शुरू की, विष्णु प्रभाकर के लिखे गये बचपन के किस्से खत्म ही नहीं होते कभी ये बाबा के किस्से कभी चाचा के तो कभी दादी के किस्से, बीच में डाकुओं के किस्से, और फिर ये सब किस्से बड़े परिवार के मध्य रहने के अनुभव हैं, उनकी लिखी गई भाषा और लिखा गया देशकाल से मैं बहुत अच्छी तरह से सुपरिचित हूँ, इसलिये भी मैं अपने आप को इन सभी किस्से कहानियों के मध्य ही पा रहा हूँ,    और फिर ये किस्से कहानी मीरापुर के हैं, जहाँ मेरी बुआजी ब्याही थीं और अब भी वहीं रहती हैं, क्योंकि विष्णु प्रभाकर जी का पूरा खानदान मीरापुर में ही रहता था, मीरापुर के बारे में बहुत सी बातों को जाना, वहाँ की प्रसिद्ध रामलीला के बारे में पहली बार जाना, रामराज्य, जानसठ के बारे में अधिक जाना, उनकी उत्पत्ति के बारे में जाना।

वहीं मीरापुर को महाभारतकाल से जोड़कर बताया गया है, और यह कौरव राज्य का भाग बताया गया है, मीरापुर के चारों और चार मंदिर और तालाब हैं, उनकी उत्पत्ति के बारे में बताया गया है, कैसे नाम बिगड़ जाते हैं, फिर भले ही वह जगह हो, मंदिर हो या इंसान हो।

उनके खानदान को “हकलों के खानदान” के नाम से जाना जाता था, वे बताते हैं कि उनके खानदान में उनकी पीढ़ी तक पिछली सात पुश्तों से कोई न कोई हकलाता था, तो उनके खानदान का नाम हकलों का खानदान हो गया। प्रभाकरजी ने अपने किताबों से प्रेम होने के बारे में बताया है कि उन्हें यह शौक घर से ही लगा, उनके पिताजी की चावल की दुकान थी और वे अपने ग्राहक से इतने प्रेम से बात करते थे कि ग्राहक कपड़ा, बर्तन सभी चीजें उनकी दुकान से ही खरीदना चाहते, तो वे खुद तो नहीं बेचते थे पर सब चीजों के दुकान पर ही बुलवा देते थे। चावल, तंबाकू के टोकरे के साथ ही एक टोकरा और होता था, वह था किताबों का टोकरा, जिसमें “चंद्रकान्ता”, “चंद्रकान्ता संतति”, “भूतनाथ” और “राधेश्याम की रामायण” जैसी अद्भुत किताबें होती थीं।

प्रभाकर जी कहते हैं कि इन किताबों से ही उन्होंने कल्पना के पंखों पर बैठ कर उड़ना सीखा। वे अपने पिताजी के पढ़ने के शौक के बारे में बताते हैं वह भी रोमांचक है, जब उनकी शादी हुई तो उन्हें पता लगा कि उनकी पत्नी पढ़ी-लिखी हैं, वे तब तक बहीखाते की भाषा ही जानते थे, तुरत पण्डित जी के पास पहुँचकर बोले मुझे सात दिनों में हिन्दी पढ़ानी होगी और उन्होंने हिन्दी सीख ली। फिर उनका निरंतर अध्ययन जारी रहा।

पढ़ने के बाद अपने पिताजी के स्वभाव को विश्लेषण कर प्रभाकरजी लिखते हैं कि इस अध्ययन और पूजापाठ ने उन्हें जहाँ कुछ मूल्य दिये, वहाँ उनके अन्तर के सहज स्नेह-स्रोत को सोख लिया । वे अवहेलना की सीमा तक तटस्थ हो गये।

आज इतना ही, सोचा था कि एक छोटा सा फेसबुक स्टेटस लिखूँगा, पर लिखने बैठा तो पूरी एक पोस्ट ही बन गई, इसी लिखने को ही तो शायद ब्लॉगिंग कहते होंगे ।

जितना खूबसूरत है प्यार, उतना ही गमगीन भी

    जीवन के तेड़े मेड़े रास्ते रतन को हमेशा से ही पसंद थे, हमेशा ही अपने जीवन में कुछ न कुछ रोमांचक करने की इच्छा इसके जीवन में नये रंग भर देती थी, एक बार कुछ ऐसा करते हुए ही रतन एक खूबसूरत आँखों के बीच फँस गया और जीवन के उस खूबसूरत मोड़ पर पहुँच गया, जिसे दुनिया प्यार के नाम से जानती है।
    तमन्ना नाम था इस नाजनीन का जिसे रतन टूट कर प्यार करने लगा था, और यह हाल केवल रतन का ही नहीं था, यही हाल तमन्ना का भी था, आजकल के युग में जहाँ प्यार के नाम पर
मर्यादाओं को लांघना एक आम बात हो गई है, वहीं इन दोनों के बीच कुछ ऐसा था, जहाँ वे मर्यादाओं की सीमा में रहते और हाथों में हाथ लेकर घंटों तक सुनहरी दुनिया में खोये रहते ।
    दोनों ने अपना जीवन एक दूसरे को समर्पण करने का मन बना लिया, दोनों ने अपने अपने घर पर अपनी पसंद के बारे में बता दिया, रतन के घर पर तो मान गये पर तमन्ना के घरवाले रूढ़िवादी विचारों के थे और लड़की खुद अपने लिये लड़का ढ़ूढ़ना बिल्कुल भी पसंद नहीं आया और सबकुछ ठीक होते हुए भी तमन्ना को रतन की जिंदगी से दूर करने की पुरजोर कोशिश जारी हो गई और तमन्ना अपने परिवार के प्यार के आगे झुककर रतन को भुलाने की कोशिश करने लगी।
    रतन तमन्ना को अपनी न बना पाने के गम से बेहद गमगीन था, और अब न उसे दिन का पता रहता न रात का पता रहता, पता नहीं कब क्या करता, वह स्मार्ट सा दिखने वाला लड़का आज बेतरतीब बालों और बिना शेविंग के इधर इधर घूमता रहता।
    तमन्ना के प्यार पर तरस खाकर उसके घरवालों ने रतन को बुलाकर बात करने का निश्चय किया और रतन को बुलाया गया, तो रतन की हालत देखकर तमन्ना के घरवालों को बहुत ही बुरा लगा, तमन्ना के पापा ने कहा कि अगर तुम केवल इतनी सी कठिनाई से हारकर अपना ये हाल करोगे, अपना ध्यान नहीं रख पाओगे तो जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियों से कैसे सामना करोगे, तो रतन ने तमन्ना के घरवालों को आश्वस्त किया कि अब ऐसा नहीं होगा और अब वह कैसी भी परिस्थिती हो वह उसका सामना करेगा और अपने चेहरे से कुछ भी जाहिर नहीं होने देगा, रोज ही शेविंग करके अपने आप को स्मार्ट रखेगा। इस तरह आखिरकार रतन को तमन्ना का प्यार जीवनभर के लिये मिल ही गया।
 This post is a part of #WillYouShave activity at BlogAdda in association with Gillette.

मेरे नये वर्ष का नया निश्चय मैक्रोमेक्स कैनवास टैब पी-666 के साथ

    वर्षों पहले जब मैं महाविद्यालय में पढ़ता था, तब मेरा कविता, नाटक और कहानियाँ लिखने का शौक था और उस समय मैं कविताओं को तो अपने नोटबुक के बीच वाले पन्ने पर लिखकर उसे फाड़ लिया करता था, उस एक पन्ने को लिखकर मैं जेब में रख लेता था और अपने दोस्तों के बीच कविता प्रस्तुत करता था। नाटक और कहानियों को लिखने के लिये ज्यादा समय और ज्यादा पन्नों की जरूरत हमेशा से महसूस होती थी, और मित्रों को नाटक और कहानियों को सुनाने में समय भी ज्यादा लगता था। उस समय सोचता था कि जिस तेजी से मैं सोचता हूँ, काश कोई ऐसा यंत्र या तकनीकी हो जिससे वह लिखती जाये और मेरे बहते हुए विचार जो कि मेरे मन में किसी अदृश्य डोरी से खिंचकर आते हैं, उनका तनिक भी क्षरण न हो पाये, और सारे विचारों को मैं संग्रहित कर सकूँ।
    थोड़े समय बाद मैं टेपरिकारर्डर में रिकार्ड करने लगा, परंतु कभी बिजली साथ न देती तो कभी कैसेट उलझ जाती और अपना कहा, अपने प्रवाहशील विचारों को, मंथन को पाना दुश्कर कार्य होता था, उन रचनाओं और विचारों को वापस लाने के लिये तरह तरह के खटकर्म भी हमने किये, परंतु देखा इसमें तो पन्ने पर लिखने से ज्यादा ऊर्जा और श्रम लग रहा है, तो वापिस पन्ने पर आ गये। विचारों को प्रवाहमान होना जारी रहा, परंतु उन्हें लिख पाना मेरे लिये उतना ही दुश्कर कार्य होता।
    फिर आया कंप्यूटर का जमाना, जहाँ पर हमने हिन्दी की टायपिंग रफ्तार पर अपनी पकड़ बना ली और कंप्यूटर पर लिखने लगे, परंतु कुछ समस्याएँ यहाँ भी बनी रहतीं, कभी ऑपरेटिंग सिस्टम तो कभी वर्ड प्रोसेसर कर करप्ट हो जाता, फिर हम मोबाईल में अपनी बातों को रिकार्ड करने लगे, परंतु उसे सुनकर लिखने का समय मिलना बहुत मुश्किल होता, आज भी पता नहीं कितने ही विचार मेरे मोबाईल के मैमोरी कार्ड में संचित हैं, जिन्हें मैं आज तक पन्नों पर नहीं उतार पाया।
    इस वर्ष हमने अपने पुराने शौक याने कि अपने प्रवाहमान विचारों को कविता, नाटक और कहानियों में ढ़ालने का दृढ़ निश्चय किया है। अब एन्ड्रॉयड में हिन्दी में भी बोलकर लिखने वाली सुविधा आ गई है, तो हम अब अपने मैक्रोमेक्स कैनवास टैब पी-666 पर बोलेंगे और हमारा यह कैनवास टैब बिना हैंग हुए हमारे पुराने शौक को जीवंत कर देगा, इसमें 3जी सुविधा का फायदा उठाते हुए हम सीधे इन सारी फाईलों को गूगल ड्राईव पर सहेज पायेंगे। इसका तेज प्रोसेसर हमारी सारी बातों को समझकर सीधे हिन्दी में सामने वर्ड प्रोसेसर में लिख देगा, और हम फिर से कविता, नाटक और कहानियों में रम जायेंगे, टैब का फायदा यह है कि हमें अब पन्नों को जेब में नहीं रखना होगा और टैब पर ही बोलकर लिखने से हमारी सारी कृतियाँ सहेजी होंगी, तो इंटरनेट के होने की बाध्यता भी खत्म हो जायेगी, और हम अपनी कविता, नाटक और कहानियों को अपने मित्रों को सीधे टैब से पढ़कर ही सुना सकते हैं, और सीधे अपने ब्लॉग पर पब्लिश भी कर सकते हैं, जिससे कहीं न कहीं हम कार्बन उत्सर्जन को भी कम करने में मदद करेंगे।
 

मेलबोर्न में पर्यटन (Visit Melbourne)

     मेलबार्न आज से तीन वर्ष जाने के कार्यक्रम लगभग तय था, किंतु अंतिम क्षणों में हमारा जाना नहीं हो पाया, तब हमने बहुत सी चीजों को बारे में पता किया था, कि मेलबोर्न में कहाँ फ्लेट लेना है, मेलबोर्न में रहने पर कितना खर्चा आयेगा, मेलबोर्न में भारतीय तरीके का भोजन तैयार करने की सामग्री कहाँ मिलेगी, इत्यादि। साथ ही यह भी पता लगाया था कि क्या क्या चीजें घूमने के लिये हैं, मेलबोर्न में पर्यटक कहाँ कहाँ जाना चाहते हैं।

हमें ये तीन पर्यटन स्थल बहुत ही अच्छे लगे थे, और हम इन जगहों पर घूमने जाना चाहते थे –
Hot air balloon – गर्म गुब्बारे में घूमने का अपना ही मजा है, और बादलों के बीच जब बिना किसी दीवार के हम आसमान में होंगे तो उसका रोमांच जबरदस्त होगा । 

 The Great Ocean Road – यह 220 कि.मी. का जबरदस्त हाईवे है, जिसका अधिकतर रास्ता समुद्र के किनारे बना हुआ है, और कुछ रास्ता घने जंगलों के मध्य से भी गुजरता है, इस पर लंबी ड्राईव का आनंद ही कुछ और होना चाहिये। 

City circle tram – उस समय मैं गूगल की त्रिआयामी मैप सुविधा का लाभ लेकर मेलबोर्न घूमा करता था, जहाँ मेरा ऑफिस होना था, उसके सामने ट्राम की पटरियाँ देखकर सुखद लगा था, कि यह अनुभव भी एक अलग ही तरह का होगा, हमने कभी भी ट्राम में बैठने का आनंद नहीं उठाया था, तो अब उठाना चाहते हैं।
पाठकों आपके लिये एक सवाल जिसके सर्वोत्तम उत्तर को मिलेगा मेलबोर्न पर्यटन केन्द्र की और से  एक गिफ्ट वाऊचर, आज ही बतायें
Which of these places would you want to visit in Melbourne and why?”.

सच्चाई छिपाना क्यों ? हम नहीं तो कोई और बता देगा !!

    जवानी अल्हड़ होती है, अल्हदा होती है, सुना तो बहुत था पर जिया अपने ही में । जवानी में वो हर काम करने की इच्छा होती है जो सामाजिक रूप से बुरे माने जाते हैं, और उस समय वाकई वे सब काम कर भी लिये जाते हैं, अपने किये पर छोभ, पछतावा कुछ नहीं होता है, बस अपनी मनमर्जी का किये जाओ । कोई टोके तो बहुत ही बुरा लगता है, जल्दी ही बुरा मान जाते हैं, काम सारे गलत करेंगे पर रोकना टोकना किसी का मंजूर नहीं है, जैसे अपनी ही सरकार हो और खुद ही उस सरकार के पैरोकार हैं।
  
    पिता जी का ट्रांसफर अभी नये शहर में हुआ ही था और हमने उस नये शहर में अपना पहला कदम कॉलेज की और बढ़ाया। अब नया शहर था तो न कोई दोस्त था और न ही कोई हमदम, तो कॉलोनी में ही कुछ आस पड़ोस के लड़कों  से दोस्ती हो गई, पिताजी को ऑफिस में उनके सहकर्मियों ने चेताया भी कि आपका लड़का गलत लड़कों के साथ रहता है, और यह खबर हमारे पास भी आ गई थी, हमारे ही मन मस्तिष्क के द्वारा, हमें उनके साथ रहते ही समझ आ गया था कि ये जो हरकतें करते हैं, वह सब हम नहीं कर पायेंगे और हमारा रास्ता जुदा होगा। पर गर्मियों की छुट्टियों में तो हमें कोई नया दोस्त नहीं मिलता, पर हमने उनके साथ रहना कम कर दिया।
    कॉलेज शुरू हो चुका था, जवानी का खून उबाल मार रहा था, नये दोस्त मिले। सबके अपने अपने शौक होते हैं, वैसे ही साधारणतया कॉलेज में दोस्ती होती है, ऐसे ही हमारी भी कई दोस्तियाँ शौक के मुताबिक हो गईं, और कुछ मनचले दोस्त भी थे जो हर समय केवल हँसाते और गुदगुदाते थे। अब तक हम कॉलेज में अच्छे खासे रम चुके थे, हमने कॉलोनी के दोस्तों के साथ लगभग अपना नाता तोड़ ही लिया था, क्योंकि हमें अब अपने कॉलेज के दोस्त मिल गये थे। पर यह उन कॉलोनी के दोस्तों को रास नहीं आया।
 
    एक दिन हर शाम के समय सूरज जैसे रोज ढलता है, वैसे ही ढलने की कगार पर था, लालिमा चारों और फैली हुई थी, कॉलोनी के दोस्त लोग बाहर सड़क पर क्रिकेट खेल रहे थे, पर उनके मनोमस्तिष्क में क्या चल रहा है, हम उससे अनजान थे, हमें हमारी साईकिल के हैंडल पर हाथ रखकर रोक लिया गया, और किसी भी बात को लेकर झगड़ा करना था, सो बात करना शुरू कर झगड़ा शुरू कर दिया गया, बात अब हाथापाई तक आ चुकी थी, जितने पड़े उससे ज्यादा हमने भी दिये, बस अंतर यह था कि उनके लिये जबाबी हमला अप्रत्याशित था, क्योंकि कोई भी उनके खिलाफ कभी भी कुछ बोला नहीं था, और विरोध नहीं किया था। हम अकेले थे और वे पूरी क्रिकेट टीम थी, देखा कि अब अकेले ऐसे लड़ना मुश्किल होगा, तो सामने के घर में पेलवान के घर में दो हाकियाँ टंगी रहती थीं, दौड़कर उन्हें उतारा और उससे अकेले ही पूरी क्रिकेट टीम से भिड़ लिये, पर थोड़ी ही देर में कॉलोनी में आग की भाँति खबर फैल गई और लोग इकट्ठे होने लगे तो पूरी क्रिकेट टीम मौके से भाग ली।
    अब घर तो जाना ही था, शाम की सच्चाई हम नहीं बताते तो कोई और जाकर हमारे घर पर बताता तो और बात बिगड़ जाती, घर में इस झगड़े को लेकर पता नहीं क्या रूख अपनाया जाता। सो हमने सोचा कि बेहतर है कि सच्चाई घर पर बता दी जाये और हमने घर पर जाकर सच्चाई अपने पापा मम्मी को बता दी, मन से बहुत बड़ा बोझ उतर चुका था, क्योंकि सारी दुनिया भले गलत समझे पर अगर पालक हमारी भावनाओं को समझ जायें तो हमें दुनिया में और कुछ नहीं चाहिये। केवल इसके लिये ही किनले का यह विज्ञापन अच्छा लगता है, जहाँ पिता अपनी बेटी की गलती को माफ कर, उसे खुश कर देता है और बेटी को धर्मसंकट से निकाल लेता है और पिता के आँख के आँसू सारी कहानी बयां कर ही रहे हैं।

बेटी तू कितना भी विलाप कर ले, तुझे मरना ही होगा (नाटक)

माँ और उसकी कोख में पल रही बेटी के मध्य संवाद

 पार्श्व में स्वरघोष के साथ ही बताया जाता है –
( जैसे ही बहु के माँ बनने की सूचना मिली परिवार खुशियों से सारोबार था, परिवार में उत्सव का माहौल था। उनके घर में वर्षों बाद नये सदस्य के परिवार में जुड़ने की सूचना जो मिली थी, परिवार रहता तो आधुनिक माहौल में है, पर उनके विचार रूढ़िवादी हैं, बहु को बहु जैसा ही समझते हैं, जब से बहु घर में आई है तो घर में उनके पति की मम्मी को बहुत ही आराम है, पहले दिन रात घर के काम में खुद तो खटना ही पड़ता था और साथ ही बर्तन साफ करने वाली, पोंछे वाली और कपड़े धोने वाली धोबन सबका ध्यान रखना पड़ता था, अब जब से बेटे की शादी की है, तब से ना खुद काम करने पड़ता है और बर्तन साफ करने वाली, पोंछे वाली और कपड़े धोने वाली धोबन का भी ध्यान नहीं रखना पड़ता है, क्यूंकि बहु तो होती ही घर के काम करने के लिये है, तो अब घर का सारा काम बहु करती है। जैसे सदियों से धरती और सूर्य अपनी धुरी पर घूम रहे हैं वैसे ही औरत घर की धुरी पर घूम रही है, क्या कभी उसके अंतर्मन को किसी ने पढ़ने की कोशिश की, नहीं कम से कम अब तक तो नहीं ।
जब से बेटी के घर में आने की खबर घर वालों को एक अवैधानिक अल्ट्रासाऊंड से मिली है, माँ को कान में केवल एक ही बात सुनाई देती है,  (गूँजती हुई कोरस में आवाज) मार दो, मार दो, मार दो !!! )
मंच के बीचों बीच माँ बैठी है, फोकस लाईट माँ पर आती है..
माँ अपने पेट पर हाथ रखकर अपनी बेटी से संवाद कर रही है..
माँ – बेटी मैं तो तुझे बचाने की पूरी कोशिश कर रही हूँ, परंतु आखिर मैं हूँ तो नारी ही
बेटी – माँ मुझ बचा लो माँ, क्या माँ आप इस धरती की मानस संतानों को समझा नहीं सकतीं कि अगर बेटी ना होगी तो बहु कैसे आयेगी, वंश आगे कैसे बढ़ेगा, ये तो प्रकृति का नियम है, लिंग कोई भी हो पर प्रकृति के प्रति जबाबदेही तो बराबर ही होती है ।
माँ – बेटी मैं तो दुनिया के हर वहशी दरिंदे हत्यारों से तुझको बचाना चाहती हूँ, पर मैं क्या करूँ, आखिर हूँ तो नारी ही, बेबस हूँ, लाचार हूँ, मैंने इस धरती पर अनचाहे ही कितने ही हत्यारों को देखा है, अनमने ढ़ंग से हत्यारे परिवारों के मध्य रही हूँ, इन खौफनाक आँखों को पढ़ते हुए जाने कितने दिन और रातें सहमी सी बिताई हैं, और सबसे काला पक्ष इसका यह है कि इन वीभत्स हत्याओं के पीछे हमेशा ही कोई नारी सर्वोच्च भूमिका निबाह रही होती है। वह एक बार भी अपने खुद को मारने के अहसास को समझ नहीं पाती है।
बेटी – माँ हमने ही तो किसी न किसी भगतसिंह, सुखदेव और राजगुरू के जन्म दिया था, अगर बेटी को ऐसे ही मारा जाता रहा तो इस दुनिया को बता दो कि इनकी किस्मत बदलने वाले की माँ का कत्ल कोख में ही हो गया, हो सकता है कि तुम्हारी कोख से नहीं पर मेरी कोख से भगतसिंह, सुखदेव और राजगुरू जन्म ले लें पर अब वे किसी भगतसिंह, सुखदेव और राजगुरू के आने की प्रतीक्षा न करें, बस वे बेटी को कोख में ही कत्ल करें !!
माँ – बेटी तू लड़की है, अल्ट्रासाऊँड में आ गया है, और तत्क्षण ही मैंने इस परिवार की आँखों में तैरती हुई वह नंगी वहशियानी खून में लिपटी हुई तलवारें देखी थीं, ऐसा लगने लगा है कि मैं अब किसी भी पल माँस के लोथड़ों के मध्य जा सकती हूँ, मैं पल पल केवल यही अहसास कर रही हूँ कि कब साँसें रूकेंगी, कब धड़कन रूकेगी और कब मैं उन नरभक्षियों को शिकार बनूँगी, मैँने पता नहीं कितनी बेटियों को कोख में ही मरते देखा है, ना
आजतक बोल पाई और ना ही अब बोल पाऊँगी।
बेटी – माँ आखिर हूँ तो मैं भी एक संतान ही ना, क्या मुझे वाकई इस रंगीन दुनिया को देखने का, अहसास करने का एक मौका नहीं मिलेगा, क्या आने वाले समय में रक्षाबंधन, भाईदूज जैसे त्यौहार दुनिया के लिये गौण हो जायेंगे । जब लड़की न होगी तो, क्या आने वाले समय में विवाह बंधन होंगे !!
माँ – बेटी तू कितना भी विलाप कर ले, पर यह तो तेरी नियती है, तुझे मरना ही होगा, तुझे मरना ही होगा
कोरस में पार्श्व में आवाज (तुझे मरना ही होगा, तुझे मरना ही होगा)

स्पर्श की संवेदनशीलता (BringBackTheTouch)

    पहले हम लोग एक साथ बड़ा परिवार होता था, पर अब आजकल किसी न किसी कारण से परिवार छोटे होने शुरू हो गये हैं, पहले परिवार में माता पिता का भी एक अहम रोल होता था, परंतु आजकल हम लोग अलग छोटे परिवार होते हैं, और अपनी छोटी छोटी बातों पर ही झगड़ पड़ते हैं, पर पहले परिवार एक साथ रहने पर समझदारी से सारी बातों का निराकरण हो जाता था, छोटे झगड़े बड़ा रूप नहीं लेते थे।
    केशव और कला एक ऐसे ही जोड़े की कहानी है, जब तक वे संयुक्त परिवार के साथ रहे, तब तक जादुई तरीके से उनका जीवन सुखमय था, वे आपस में अंतर्मन तक जुड़े हुए थे। परंतु केशव को अच्छे कैरियर के लिये भारत से दूर विदेशी धरती पर जाना पड़ा, केशव और कला दोनों ही बहुत खुश थे, आखिरकार भारत से बाहर जाने का हर भारतीय दंपत्ति का सपना होता है, जो उनके लिये साकार हो गया था।
    यह पहली बार था जब वे संयुक्त परिवार से एकल परिवार में होकर रहने का अनुभव करने जा रहे थे, पहले पहल दोनों को बहुत मजा आया, परंतु जैसे जैसे दिन निकलते गये, केशव की व्यस्तता बड़ती गई, और कला घर में अकेले गुमसुम सी रहने लगी, केशव भले ही शाम को घर पर होता था, पर हमेशा ही काम में व्यस्त और यही आलम सुबह का भी था। ना ढंग से नाश्ता करना और ना ही भोजन, कला भी क्या बोलती, कई बार बोलने की कोशिश की परंतु, कुछ न कुछ कला को हमेशा बोलने से रोक लेता और कला रोज की भांति अपने में सिमटना शुरू हो जाती।
    हर चीज को किसी एक बिंदु तक ही सहन किया जा सकता है, वैसे ही कला का एकांत था, वह दिन कला और केशव के लिये मानो परीक्षा की घड़ी बनकर आया था, कला केशव के ऑफिस से आते ही उस पर टूट पड़ी, बिफर पड़ी, आखिर मेरे लिये समय कब है, क्या मैं यहाँ केवल और केवल कठपुतली बनकर रहने आई हूँ, मैं भी इंसान हूँ मुझे भी तवज्जो चाहिये, मुझे भी तुमसे बात करने के लिये तुम चाहिये, इस खुली हुई दुनिया में मैं अपने आप को कैद पाती हूँ और घुटन महसूस करती हूँ। केशव कला की बातों को बुत के माफिक खड़ा सुनता रहा, और उसे अपनी गलती का अहसास हुआ, आखिरकार कला का एक एक शब्द सच था, ना उसके पास बात करने का समय था और ना ही कला को कला की बातें महसूस करने के लिये वक्त था।


    कला केशव के सामने फफक फफक कर रो रही थी, केशव धीमे धीमे कला के नजदीक गया और कला को अपनी बाँहों में भरकर गालों से गालों को सटाकर कह रहा था, बस कला मुझे समझ आ गया है कि मैं कहाँ गलत हूँ । अब आज से मेरा समय तुम्हारा हुआ, केशव के स्पर्श से कला का गुस्सा और अकेलापन क्षण भर में काफूर हो गया, स्पर्श के स्पंदन को कला और केशव दोनों ही महसूस कर रहे थे, कला और केशव दोनों ने आगे से अपना समय आपस में बिताने का निश्चय किया।

    ठंड में स्पर्श को बेहतरीन बनाने के लिये पैराशूट का एडवांस बॉडी लोशन बटर स्मूथ वाला उपयोग कीजिये, अमेजन पर यह ऑनलाईन उपलब्ध है ।
    यह कहानी #BringBackTheTouch http://www.pblskin.com/ के लिये हमने लिखी है । स्पर्श को आपस में महसूस करिये, जीवन में नई ऊर्जा मिलेगी।
इस वीडियो में निम्रत और पराम्ब्रता को स्पर्श की संवेदनशीलता को दर्शाते हुए देखिये, आपको स्पर्श के महत्वत्ता पता चलेगी – Watch the video to witness Nimrat and Parambrata #BringBackTheTouch.

व्याकुलता – चिंतन

    व्याकुलता इंसान को जितनी जल्दी कमजोर बनाती है, उतनी ही जल्दी व्याकुलता से मन को ताकत मिल जाती है। जब भी कोई दिल दहलाने वाली खबर हमें लगती है, हम व्याकुल हो उठते हैं, मन कराहने लगता है, दिमाग काम करना बंद कर देता है और तत्क्षण हम निर्णय लेने की स्थिती में नहीं होते, मन की स्थिती डांवाडोल हो चुकी होती है, आँखों को वस्तुएँ एक से ज्यादा लगने लगती हैं, क्योंकि उस समय हमने कुछ ऐसे सुन लिया होता है जो कि हम सुनना नहीं चाहते, और हम कुछ बुरा सपने में भी नहीं सोच सकते।
    यह सत्य है कि हमारे मन में कई बार अपनों के ही लिये कुछ बुरे ख्याल मन में आते रहते हैं, और कोई भी इस क़टु सत्य को नकार नहीं सकता है, उस समय हमारा मन सोचता है कि कैसे उस समय उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों से निपटा
जायेगा। इन सारी चीजों को सोचते समय हम विचलित नहीं होते, वरन् हम अपने आप को दृढ कर रहे होते हैं।
    जीवन में इस तरह के क्षण हरेक की जिंदगी में आते हैं, जिसे हर व्यक्ति अपने अपने तरीके से अपनी क्षमता के अनुसार संचालित करता है, हमारा दिमाग दो भागों में बँटा होता है, जिसमें बायें तरफ का दिमाग बहुत ही ज्यादा सक्रिय रहता है, जिसमें हम तरह तरह की बातें सोचते रहते हैं, विचारों को बुनते गुनते रहते हैं। वहीं दायीं तरफ का दिमाग हमारे शारीरिक प्रबंधन का कार्य करता है। सोते समय हमारा बायीं तरफ का दिमाग आराम करता है और दायीं तरफ का दिमाग सोते समय बायीं तरफ केदिमाग का कार्य करता है, अधिकतर बीमारियों के उत्पन्न होने की वजह भी बायीं तरफ का दिमाग होता है। व्याकुलता बायें हिस्से से ही नियंत्रित होती लगती है।
    व्याकुलता याने कि वह स्थिती जिसमें कि हमारा काबू हमारे ऊपर नहीं होता है, हम अपना नियंत्रण खो देते हैं, हम ऐसी कोई खबर सुनने के बाद अपने ऊपर किसी को भी हावी हो जाने देते हैं, हमें अगर कोई भी इस समय सहारा देता है खासकर वह जो कि हमारे बहुत नजदीकी हो, जिसका हमारी जिंदगी में बहुत महत्व हो, तो हमारी व्याकुलता कुछ हद तक कम हो जाती है।
ये विचार मैंने अपने अनुभव के आधार पर लिखे हैं ।

आटा, सब्जी, प्रेमकपल और पुलिसचौकी

कल शाम की बात है, बेटेलाल स्कूल से आ चुके थे तो अचानक गुस्से से आवाज आई “आटा आज भी आ गया ?” “सब्जी आ गई”, हम सन्न !! बेचारे क्या करते, अपने काम में मगन आटे का ध्यान एक सप्ताह से ना था, इधर पास के पंसेरी से १ किलो आटे का पैकेट लाकर थमा देते थे। हम चुपचाप घर से निकले, लिफ़्ट से उतरे, तो घर के सामने का मौसम अचानक से हसीन हो चला था।
सामने ही करीबन ५ लड़के और १ लड़की स्कूल ड्रेस में थे, जिनमें से एक लड़का और एक लड़की साथ साथ थे और लड़की के हाथ में गिफ़्ट भी था, बाकी लड़के उस लड़के से मस्ती कर रहे थे, शायद उसने आज ही प्रपोज किया हो और स्वीकार हो गया हो, फ़िर उन सब लड़कों ने प्रेमकपल वाले लड़के से कुछ पैसे लिये और घर के सामने वाली चाट की दुकान पर पानी बताशे खाने लगे, प्रेमकपल के चेहरे पर अजीब सी खुशी थी, जैसे उनके जन्म जन्म का साथी मिल गया हो, लड़के के बाल कुछ अजीब से आगे से ऊपर की तरफ़ थे, वो भी कोई स्टाईल ही रही होगी, हाँ हमारे बेटेलाल जरूर उस बालों की स्टाईल का नाम बता देते।
हम अपनी बिल्डिंग की पार्किंग में खड़े होकर सभ्यता से यह सब देख रहे थे, पर उन लड़कों को यह अच्छा नहीं लग रहा था, खैर जब हम गाड़ी से चाट वाले के सामने से निकले तो भी वे सब हमें घूर ही रहे थे, यह सब वैसे हमें पहले से ही पसंद नहीं है, जब हम  उज्जैन में थे तब हमारी कालोनी में भी यही राग रट्टा चलता था, फ़िर हमने अपना प्रशासन का डंडा दिखाया तो बस इन लोगों के लिये कर्फ़्यू ही लग गया था।
आटा लेने गये, तो पता चला कि उस पूरी कॉलोनी की बिजली ही सुबह से गायब है, हम पूछे “भैया बिजली आज ही गई है ना ?, कल तो आयेगी”, वो क्या और जो दुकान के अंदर थे वे भी निकलकर हमें देखने लगे, ये कौन एलियन आया है जो अजीब और अहमक सा सवाल पूछ रहा है। खैर वापसी पर याद आया कि सब्जी लेनी है, अब हम सोचे बेहतर है कि घर पर फ़ोन करके पूछ लें “कौन सी सब्जी लायें”, जबाब मिला “कौन कौन सी सब्जी है?”, हम कहे “करेला, शिमला मिर्च, बीन्स, भिंडी, फ़ूलगोभी, पत्तागोभी,बैंगन” हमें कहा गया केवल देल्ही गाजर और टमाटर लाने के लिये, टमाटर का भाव हम बहुत दिनों बाद सुने थे, मतलब कि बहुत दिनों बाद सब्जी लेने गये थे, केवल दस रूपया किलो, हमने सोचा बताओ टमाटर के दाम पर कितनी सियासत हुई, टमाटर महँगी सब्जियों का राजा बन गया था और आज देखो इसकी दशा कोई पूछने वाला नहीं, हेत्तेरेकी केवल दस रूपया !
शाम को घूमने निकले, चार लड़के दो लड़कियाँ एक ही समूह में घूम रहे थे, जिनमें से साफ़ दिख रहा था कि दो प्रेमकपल हैं और बाकी के दो इस समूह के अस्थायी सदस्य हैं, वे दोनों प्रेमकपल सड़क पर ही बाँहों में आपस में ऐसे गुँथे हुए थे, कि अच्छे से अच्छे को शर्म आ जाये, परंतु वो तो अपने घरों से दूर यही कहीं पीजी में रहते हैं, तो उन्हें क्या फ़र्क पड़ता है, फ़िर अगली गली के नुक्कड़ पर ही वे दोनों प्रेमकपल आपस में एक दूसरे की आँखों में झांकते हुए नजर आये, और हँसी ठिठोली कर रहे थे, पर अचानक हमें देखते ही वे सब बोले कि चलो गली के थोड़ा अंदर चलो। हमने सोचा कि आज यही सब इनको अच्छा लग रहा है, कल जब ये जिम्मेदारी लेंगे परिवार की बच्चों की, तब शायद यही सब इनको बुरा लगेगा।

एक अच्छी बात यह हुई है कि पास ही पुलिसचौकी खुल गई है, तो इस तरह की हरकतें पहले बगीचे में होती थीं वे अब चौकी के पीछे की गलियों में होने लगी हैं।

 वैसे ही जब घूमते हुए वापिस घर की और आ रहे थे तब एक दिखने से ही साम्भ्रान्त प्रेमकपल खड़ा था, लड़के की पीठ पर लेपटॉप बैग था और लड़की भी ऑफ़िस वाली ड्रेस में ही थी, शायद लड़की कहीं पास रहती हो और कुछ जरूरी बात करनी हो, बहुत धीमे धीमे से बात कर रहे थे, कितना भी कान लगा लो बातें सुनाई दे ही नहीं सकती थी, पर उनका बात करने का तरीका और कॉलोनी में जिस तरह से वे खड़े थे और बातें कर रहे थे वह शालीन था ।