इमिग्रेशन, सुरक्षा जाँच और अपने घर के परांठे जेद्दाह यात्रा भाग २ [Security, Immigration and Home made Parathe Jeddah Travel Part 2]

भाग १

शटल से मुंबई के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुँच गये, वहाँ कौन से गेट से हमें अंदर जाना है, कोई बताने वाला नहीं था, जब हम गलत गेट पर पहुँच गये तो वहाँ खड़े जवान ने बताया कि आप गलत गेट पर आ गये हैं, आपको तो पहले गेट पर जाना है, हम फ़िर से अपने सही गेट की ओर चल पड़े। बहुत सारे यात्री जो कि मस्कट और दम्माम जा रहे थे, वे भी उसी गेट की ओर चल पड़े क्योंकि वे भी हमारे साथ ही बस से उतरे थे।

मस्कट और दम्माम जाने वाले अधिकतर भारतीय अपनी वेशभूषा से कर्मचारी लग रहे थे, जिससे पता चल रहा था कि ये लोग अपने परिवार के लिये पैसे कमाने के लिये अपना देश छोड़कर दूसरे देश जाने को मजबूर हैं। कई बार न चाहते हुए भी अपने आप की तुलना उनसे कर बैठते थे, हम भी तो यही कर रहे हैं।

गेट पर हमारी सुरक्षा जाँच नहीं की गई केवल बोर्डिंग पास देखा गया, शायद शटल से आने के कारण हमें सुरक्षा जाँच से ढ़ील दे दी गई थी, उसके बाद हम जैसे ही इमारत में प्रविष्ट हुए वहाँ पहला हॉल इमिग्रेशन का था, जहाँ हमें हमारे कागजात अधिकारियों को दिखाने थे और भारत निकास की सील लगाई जाती है, वहाँ निकास पत्र भी भरना होता है जिसमें अपनी तमाम जानकारियाँ देनी पड़्ती हैं।

मुंबई में भी इमिग्रेशन में ज्यादा समय नहीं लगा, साधारणतया: लाईन का खेल होता है, और अधिकारी के ऊपर भी होता है कि उसे कितना तेज काम करना आता है और कितना आलस करना आता है, कुछ अधिकारी बेहद चुस्त होते हैं और फ़टाफ़ट अपनी पैनी निगाहों से सारी जाँच सतर्कता के साथ फ़टाफ़ट पूर्ण कर लेते हैं और कुछ अधिकारी तो कागजात ही पलट कर देखते रहते हैं, ऐसा लगता है कि इनको प्रशिक्षण ही नहीं दिया गया है और फ़िर बाद में यात्री को ही पूछते हैं कि यह कागज कहाँ है, और वह कागज अलग से दिखता रहता है,  बेहतर है कि ऐसे अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया जाये, इस तरह के कारनामों से भारत का बहुत नाम रोशन होता है ।

इमिग्रेशन अधिकारी हमसे पूछते हैं, अरे आपका तो जन्मस्थान मध्यप्रदेश का है फ़िर आप मुँबई में कैसे, हमने कहा कि हम तो बैंगलोर रहते हैं और जाने की फ़्लाईट वाया मुंबई मिली है, तो कहते हैं अच्छा अच्छा, मतलब जन्म होने के बाद आप बैंगलोर चले गये, मन में आया अब इस बुडबक को क्या कहते कि कब गये और क्यों गये, हमने कहा नहीं जी नौकरी के लिये बैंगलोर में रहते हैं, वे बोले अच्छा अच्छा ! और हमें सुरक्षा जाँच पर जाने के हरी बत्ती दे दी गई, हमें अपने कागजात दे दिये गये और हमने अपने कागजात को जांचा और सुरक्षा जांच के लिये चल दिये।

उसी हाल में सुरक्षा जाँच के लिये थोड़ा लंबा चले तो वहाँ देखा कि बहुत भीड़ लगी हुई है, हम भी वहीं खड़े हो गये, तो एक विशिष्ट लाईन अलग से लगी हुई थी, सुरक्षा कर्मी ने हमें उस लाईन में लगने को कहा और हमने अपना जेब का सारा समान मतलब पर्स, घड़ी, सिक्के, मोबाईल और बेल्ट अपने हैंड बैग में रख दिया और लेपटॉप निकालकर ट्रे में रख दिया, फ़िर कई स्तरीय सुरक्षा जाँचों के मध्य से निकले।

जब अपना लेपटॉप बैग में रखने लगे तभी एक सुरक्षा कर्मी ने हम से एक बैग दिखाते हुए पूछा कि क्या यह बैग आपका है, हमने मना किया तो एक और व्यक्ति ने आकर दावा किया तो उन्हें वह बैग खोलने को कहा गया और उसमें लाईटर था, तो सुरक्षाकर्मी ने उनका लाईटर जब्त किया और एक रजिस्टर में उनका पूरा विवरण नोट कर लिया गया, बहुत आश्चर्य होता है कि अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा जाँच में विवरण नोट करने के लिये आज भी रजिस्टर का उपयोग हो रहा है, क्यों नहीं इन चीजों का डिजिटलाईजेशन किया जा रहा है, जिससे एजेंसियों को जाँच करने में मदद मिलेगी और किसी छेड़ छाड़ की आशंका भी नहीं रहेगी।

सुरक्षा जाँच के बाद हम अंतर्राष्ट्रीय टर्मिनल के गेटों पर आ गये जहाँ कि गेटों की संख्या निर्देशित थी, और यात्री उन निर्देशों को देखकर अपने प्रस्थान द्वार पर जा सकते हैं। हमारे पास काफ़ी समय था, तो हम कस्टम फ़्री एरिया देखने के लिये निकल पड़े, क्योंकि जहाँ से हमारे फ़्लाईट थी वहाँ उस प्रस्थान द्वार के पास बहुत भीड़ थी, पहले हमने अपने घर के पराठे खाये और फ़िर चाय काफ़ी के लिये निकल पड़े। सभी चीजों के भाव देखकर हमें लगने लगा कि हम वाकई अब भारत के बाहर आ गये हैं और अंतर्राष्ट्रीय हो गये हैं, क्योंकि सारे भाव अंतर्राष्ट्रीय बाजार के ही लग रहे थे। फ़िर भी कहीं एक कोने में हमें ठीक ठाक भाव वाली कॉफ़ी मिल गई और हमने वहाँ से कॉफ़ी लेकर आराम से बैठकर पेय का आनंद लिया ।

वहीं पर एक प्रार्थना कक्ष बना हुआ था जिस पर कि सभी धर्मों के निशान बने हुए थे पर वहाँ केवल मुस्लिम धर्मावलम्बी अपनी प्रार्थना अदा कर रहे थे, और कोई दिख भी नहीं रहा था, पर हमें अच्छी बात यह लगी कि यहाँ किसी विशेष धर्म के लिये प्रार्थना कक्ष नहीं बना है, जबकि लगभग सभी जगहों पर हमने देखा है कि विशेष धर्म के निशान के साथ प्रार्थना कक्ष बना है। अंतर्राष्ट्रीय स्थलों पर सर्वधर्म समान समझना चाहिये और सभी धर्मों का समान रूप से सम्मान करना चाहिये।

प्रार्थना कक्ष

प्रार्थना कक्ष

मुंबई हवाई अड्डे पर

दुबई स्थित प्रार्थना कक्षधर्म विशेष प्रार्थना कक्ष

दुबई हवाई अड्डे पर                              सिंगापुर हवाई अड्डे पर

हवाई अड्डे पर इंतजार और शटल जेद्दाह यात्रा भाग १ (Mumbai Airport & Shuttle Jeddah Travel Part 1)

धूम्रपान कक्ष, खालिस उर्दू और विमान दल का देरी से आना जेद्दाह यात्रा भाग ३ (Smoking chamber, Urdu and Late Crew Jeddah Travel Part 3)

इमिग्रेशन, १२० की रफ़्तार, अलग तरह की कारें और रमादान महीना– जेद्दाह यात्रा भाग–४ (Immigration, Speed of 120Km, Different type of Cars and Ramadan Month Jeddah Travel–4)

हवाई अड्डे पर इंतजार और शटल जेद्दाह यात्रा भाग १ (Mumbai Airport & Shuttle Jeddah Travel Part 1)

इस बार की जेद्दाह यात्रा बहुत कुछ यादें और अपनी छापें जीवन में छोड़ गयी, एक अलग ही तरह का अनुभव था जो कि जीवन में पहली बार हुआ। इस बार २० जुलाई को बैंगलोर से दोपहर की जेट की फ़्लाईट थी और वाया मुंबई जेद्दाह जाना था, अच्छी बात यह थी कि मुंबई से सीधी फ़्लाईट थी।
बैंगलोर से मुंबई अंतर्देशीय हवाईयात्रा हुई परंतु चेकइन बैग बैंगलोर में ही जेद्दाह तक के लिये ले लिया गया। बैंगलोर में टर्मिनल पर जाने के लिये दो स्वचलित सीढ़ियाँ हैं जिसमें सीधी तरफ़ वाली सीढ़ी जो कि अधिकतर अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के यात्रियों द्वारा उपयोग में लायी जाती हैं, वही पास ही सऊदी एयर लाईन्स का काऊँटर है, जिनकी सीधी उड़ान जेद्दाह वाया रियाद है। वहाँ बहुत सारे मुस्लिम धर्मावलम्बी जो कि उमराह पर मक्का और मदीना जा रहे थे, लाईन में खड़े थे और सब के सब सफ़ेद कपड़ों में थे। ऊपर जहाँ से टर्मिनल के लिये रास्ता है वहाँ स्थित शौचालय में यही लोग नहा रहे थे और पूरा शौचालय इस तरह बन पड़ा था कि जैसे यह एयरपोर्ट का नहीं कोई आम शौचालय हो।
20072012(001)20072012(002)
अंतर्देशीय हवाईअड्डे से शटल में जाते हुए कुछ फ़ोटो
20072012(004)20072012(005)
बरबस ही मुंबई में ऑटो पर नजर गई तो फ़ोटो खींचने का लोभ संवरण ना कर सके।
20072012(006)20072012(007)
विरार से अलीबाग की टैक्सी और नवनिर्माणाधीन पुल (कुबरी)
20072012(009)20072012
ये वही कॉफ़ी शाप है जहाँ इमिग्रेशन के बाद सबसे सस्ती कॉफ़ी मिली थी, और आराम करता हुआ एक विमान।
मुंबई समय से पहुँच गये और खराब बात यह थी कि जेट कनेक्ट की फ़्लाईट में खाना पीना फ़्री नहीं मिलता है, जबकि जेट एयरवेज की फ़्लाईट में खाना फ़्री होता है। दोपहर हो चली थी, खाना सुबह १० बजे घर से ही खाकर चले थे, साथ ही दूध में मले आटे के परांठे बँधवा लिये थे, जिससे अगर आगे भूख लगे तो उसे इन परांठे से शांत किया जा सकता है। मुंबई जाते समय फ़्लाईट में सॉफ़्टड्रिंक और सैंडविच खाया जिसके भाव आसमान के माफ़िक ही थे। परांठे इसलिये रख लिये गये थे कि अगर खाना न खाते बना तो परांठे खाने का आखिरी रास्ता होंगे।
मुंबई से अगली फ़्लाईट लगभग ५ घंटे बाद का था, अब हमें अंतर्देशीय से अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर जाना था। अंतर्देशीय हवाईअड्डे पर उतरने के बाद हम सबसे पहले शौचालय के लिये चल दिये, वहाँ देखा कि सफ़ाई का नामोनिशान नहीं था, कम से कम मुंबई के स्तर का तो नहीं था, लगता है कि हवाईअड्डे केवल शुल्क लेते हैं और बेहतर व्यवस्था के नाम पर अपनी जिम्मेदारियों से मुँह मोड़ लेते हैं।
वहीं कन्वेयर बेल्ट पर लोगों के समान घूम रहे थे और उसी हाल के बीचों बीच में एक पिलर के पास अंतर्देशीय से अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे जाने के लिये शटल सेवा के लिये बोर्डिंग पास देखकर शटल के पास दिये जा रहे थे । जिसपर ON PRIORITY लिखा था और वहीं टीवी पर शटल का समय देखा तो पता चला कि अब अगली शटल आधे घंटे बाद है और यात्रियों की लाईन इतनी लंबी थी, कि हमने कई बार सोचा क्यों ना बाहर से टैक्सी करके चला जाया जाये। लोगों को वहीं खड़ा इंतजार करते हुए देख रहे थे, और लोग अपने पास पासपोर्ट और बोर्डिंग पास को बार बार चेक कर रहे हैं।
खैर ठीक ३० मिनिट से १० मिनिट पहले शटल आ गई, अच्छी खासी ए.सी. वोल्वो बस थी, शटल से बड़ी इज्जत के साथ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अंदर से ही ले जाया गया, जिसमें कि पास ही झुग्गी झोपड़ियों के लिये प्रसिद्ध धारावी दीवार से ही लगी थी, धारावी और अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच केवल फ़ेंसिंग थी, शायद उसमें करंट दौड़ रहा हो। अंतर्राष्ट्रीय मानकों के हिसाब से यह बिल्कुल भी मान्य नहीं होगा।

काली चमड़ी के कारण आँखों और गर्दनों पर असर और वजन बढ़ना

जून महीने में जब पहली बार सऊदी आये थे तो अप्रत्याशित तरीके से २ किलो बजन बढ़ गया था, इस बार अभी तक २०० ग्राम तो बड़ ही चुका है, जबकि यहाँ आने के बाद व्यायाम ज्यादा कर रहे हैं।

यहाँ के खाने में हो सकता है कि कैलोरी कुछ ज्यादा हों और उसके लिये हमारा शरीर अभ्यस्त नहीं हो, अब इस बार दोगुना ज्यादा कैलोरी जलाना शुरू कर दिया परंतु फ़िर भी वजन थोड़ा बहुत बड़ा है। जबकि यह महीना रमजान का महीना है और खुले आम खाना पीना यहाँ अपराधिक श्रेणी में रखा जाता है। खुले आम खाना पीना और धूम्रपान वर्जित है।

ऐसा लगता है कि यहाँ की हवाएँ स्वास्थय के लिये अच्छी हैं और उससे स्वास्थ्य वर्धन हो रहा है, यहाँ पर अभी तापमान लगभग ३८ डिग्री होगा, परंतु गर्मी और धूप ३८ डिग्री वाली नहीं है, ऐसा लगता है कि अगर इस धूप में अगर थोड़ी देर खड़े हो गये तो जल भुन कर खाक हो जायेंगे। शाम को भी लू के थपेड़े जिस्म को लहुलुहान करते रहते हैं।

एक और खासबात कि यहाँ पर मर्द सफ़ेद लिबास में और औरत काले लिबास में पायी जाती है, हम कहते हैं कि यहाँ आकर मर्द की चमड़ी सफ़ेद और औरत की चमड़ी काली हो जाती है। हर औरत एक जैसी दिखती है क्योंकि काली चमड़ी ऊपर से नीचे तक एक जैसी होती है, जहाँ काली चमड़ी के बीच चमकने का कोई रोलपार्ट ही नहीं है।

काली चमड़ी होने के कारण न आँखों को इधर उधर जोर देना होता है और ना हई अस्वाभाविक या स्वाभाविक रूप से आँखों और गर्दनों को घुमाना पड़ता है, जब अलग अलग प्रकार की चमड़ी प्रदर्शित होगी केवल तभी आँखों और गर्दन को कष्ट होगा, अब आँखों और गर्दन का काम भी कम हो गया है तो इसके कारण भी कम कैलोरी जल रही हैं।

अभी कारण और भी होंगे जिस पर विश्लेषण जारी है।

चिकन समोसा मटन समोसा और आलू समोसा

अभी दो तीन पहले ही अपनी वेज थाली पार्सल करवाकर चैन्नई दरबार अल शर्फ़िया से टैक्सी पकड़ने के लिये अल शर्फ़िया की मुख्य सड़क तक आये थे कि वहाँ देखा समोसे, पकोड़े, चाट और फ़्रूटचाट वाली दुकान भी है। बस फ़िर क्या था, झट से दुकान में घुस गये देखा कि मिठाईयाँ, नमकीन, टोस्ट भी दुकान में उपलब्ध थे।
पर सबसे ज्यादा इस दुकान में बिक्री पकोड़े, समोसे, कचोरी और दहीबड़े की ही थी। हमने दुकानदार से पूछा कि हाँ भई क्या क्या है, तो जनाब आवाज आई “चिकन समोसे, मटन समोसे, आलू समोसे, कचोरी, बीफ़ समोसे, दही वड़ा और फ़्रूटचाट”, हम तो समोसे के इस नॉनवेज प्रकार पर दंग थे।
हमने कहा क्या बात है, इतने सारे प्रकार के समोसे, हमने पहली बार नॉनवेज समोसे अपनी जिंदगी में सुने हैं, हमारे मित्र ने चिकन समोसा पार्सल करवाया, हमने आलू समोसा पार्सल करवाया। जब होटल पहुँचकर खाया तो स्वाद ठीक ठाक था, खाया जा सकता था।
अब दही वड़े हमारे दिमाग में हलचल मचा रहे थे, अगले दिन दही वड़े लिये जिसमें उसने आलू चाट, काबुली चने की चाट और जबरदस्त मसाला मिलाया और दही भी जबरदस्त था। साथ में बड़ी पपड़ी या यूँ कह लें कि बड़ी मठरी थी और कुछ रंग बिरंगी सेंव नमकीन।
होटल पहुँचकर खाया तो अहा ! मजा आ गया, क्या स्वाद था, अब हमारे दिमाग में पकौड़े घूम रहे थे, अगले दिन दही वड़े के साथ ही पकौड़े भी लिये गये और चटकारे मारकर खाया गया।
हमारे एक मित्र ने कल आधा किलो रसगुल्ले लिये थे और अकेले निपटा दिये, खैर हमें कोई आश्चर्य नहीं हुआ, परंतु हमारे आश्चर्य न करने से उसको जरूर आश्चर्य हुआ, हमें आश्चर्य इसलिये नहीं हुआ क्योंकि हम भी पहले १ – २ किलो रसगुल्ले एक बार की बैठक में ही निपटा दिया करते थे।
वैसे कल वहाँ जलेबी और इमरती भी देखी है, सोच रहे हैं कि आज इनका भी स्वाद ले लिया जाये।

जेद्दाह में रेस्त्रां खाना और स्वाद (South Indian, Malyalai and North Indian food in Restaurant’s @ Jeddah Saudi Arabia)

जब से सऊदी आये हैं तब से भारतीय स्वाद बहुत याद करते हैं, भारतीय खाना तो जरूर मिल जाता है फ़िर भी बिल्कुल वह स्वाद मिलना बहुत मुश्किल है। यहाँ पर दक्षिण भारतीय स्वाद तो मिल जाता है, परंतु उत्तर भारतीय स्वाद मिलना मुश्किल होता है।

यहाँ पर जो थालियाँ भी उपलब्ध होती हैं, उसे दक्षिण भारतीय और उत्तर भारतीय व्यंजनों को मिलकर बनी होती हैं। परंतु फ़िर भी दक्षिण भारतीय व्यंजन ज्यादा होते हैं। उत्तर भारतीय में केवल दाल होती है या यह भी कह सकते हैं कि दाल उत्तर भारतीय तरीके से बनी होती है। मसाला ठीक ठाक होता है।

रोटी जो है वह बिल्कुल मैदे की होती है और गेहूँ की रोटी ढूँढ़ना बहुत ही मुश्किल काम है। चावल बासमती या फ़िर दक्षिण में खाया जाने वाला मोटा केरल का चावल होता है।

यह तो दक्षिण भारतीय रेस्टोरेंट की बातें हैं, यहाँ पर लगभग आसपास के देशों के रेस्ट्रोरेंट भी उपलब्ध हैं, जैसे पाकिस्तानी, अफ़गानी, फ़िलिपीन्स, बांगलादेशी, इजिप्ट इत्यादि..। खाने में पाकिस्तानी स्वाद कुछ भारतीय स्वाद के करीब है, यहाँ मसाला अच्छा मिलता है, बस तेल या घी ज्यादा होता है।

यहाँ मिनी भारत अल-शर्फ़िया के इलाके में पाया जाता है, जहाँ भारत ही नहीं सभी आसपास के देशों की दुकानें हैं और ऐसे ही रेस्टोरेंट भी बहुत सारे हैं, हर ८ – १० दुकान के बाद एक रेस्टोरेंट मिल ही जाता है, कुछ रेस्टोरेंट जिसमें हम जाते हैं जो कि दक्षिण भारतीय हैं, चैन्नई दरबार, इंडिया गेट, मेट्रो, विलेज (मलयाली) कुछ पाकिस्तानी रेस्तरां हैं जैसे कि निराला, मक्काह इत्यादि.. निराला की सबसे अच्छी चीज लगी हमें रोटी, तंदूरी रोटी कम से कम १२ या १५  इंच के व्यास की रोटी होगी और बिल्कुल नरम, कम से कम दो रोटी तो खा ही जाये। यहाँ की कुल्फ़ी भी बहुत अच्छी है । बस यहाँ सब्जियों और दाल में तेल बहुत मिलता है तो पहले हम तेल निकाल देते हैं फ़िर ही खाना शुरू करते हैं, जो कुछ लोग कैलोरी कान्शियस होते हैं, वे लोग तो पहली बार को ही आखिरी बताकर निकल लेते हैं। पर यहाँ का स्वाद वाकई गजब है। साथ ही पाकिस्तानी वेटरों की मेहमनानवाजी देखते ही बनती है।

ऐसे ही शाम को फ़िलिस्तीन स्ट्रीट जहाँ कि हम मैरियट होटल में रहते हैं, वहाँ तो खाना खाते नहीं हैं कारण है कि इतना महँगा खाना जो हम अफ़ोर्ड नहीं कर सकते, तो पास ही होटल बहुत सारे हैं, पर कुछ ही होटलों पर शाकाहारी खाना भी उपलब्ध होता है। पास ही एक अफ़गानी होटल है जिससे दक्षिण भारतीय सहकर्मी चावल लेकर खाते हैं। पास ही एक इजिप्शियन रेस्तरां भी है जहाँ अलग तरह की करियों के साथ चावल मिलते हैं, हमने भी एक बार खाकर देखा था, कभी कभार खा सकते हैं, एक मलयाली रेस्त्रां है रेजेन्सी, जहाँ डोसा वगैरह के साथ आलू गोभी और मिक्स वेज सब्जी मिल जाती है साथ में रोटी या केरल परांठा खा सकते हैं। अभी एक और नया रेस्त्रां ढूँढ़ा है लाहौर गार्डन जैसा कि नाम से ही पता चलता है यह एक पाकिस्तानी रेस्त्रां है परंतु खाना अच्छा है। कलकत्ता रोल्स पर भी शाकाहारी रोल मिल जाता है साथ में ज्यूस ले सकते हैं। नाम से कलकत्ता है परंतु है बांग्लादेश का।

यहाँ अधिकतर रोटियाँ करी के साथ फ़्री होती हैं, केवल करी का बिल ही लिया जाता है, वैसे ही यहाँ सऊदी के खुबुस बहुत प्रसिद्ध हैं, तंदूर में बनाये जाते हैं। हमने भी खाकर देखा मैदे के होते हैं, रोज नहीं खा सकते।

मांसाहारी लोग ध्यान रखें पहले ही पूछ लें कि क्या आर्डर कर रहे हैं, क्योंकि यहाँ बीफ़, लेम्ब और मीट बहुतायत में खाया जाता है।

बहुत खाने की बातें हो गईं, और शायद इससे किसी को तो मदद मिल ही जायेगी, खाने के लिये सऊदी बहुत अच्छी जगह है और विशेषत: उनके लिये जो कि मांसाहारी हैं, उनके लिये कई प्रकार के व्यंजन मिल जायेंगे।

हम ठहरे शाकाहारी तो हमारे लिये सीमित संसाधन मौजूद हैं।

जिस्म २ देह का प्रेम प्रदर्शन… (Jism 2..)

फ़िल्म जिस्म २ देखी, यह फ़िल्म देहप्रदर्शन के साथ ही संपूर्ण देह के प्रेम प्रदर्शन का अच्छा अक्स दिखाती है। जिसमें बताया गया है कि मन तो नफ़रत कर सकता है, परंतु जिस्म का क्या करें उसकी जरूरतें अपनी हैं और उस जिस्म की जरूरतें वहीं पूरी कर सकता है जो उस जिस्म को समझ सकता है।
जिस्म २ में सनी लियोन को लिया गया, ज्ञात रहे कि सनी लियोन कनाडा की पोर्न स्टार हैं और भारतीय हैं, सनी लियोन को भारत में पहली बार बिग बोस में दिखाया गया था।
अदाकारी सनी में बिल्कुल नहीं है, चेहरे पर भाव नहीं है, फ़िल्म केवल देहयष्टि के भाव देखने के हिसाब से उचित है वरना कहानी कसी हुई नहीं है और जिस्म के संवाद अच्छॆ बन पड़े हैं, संवाद बहुत कुछ अच्छे लगे, कुछ गाने भी अच्छॆ हैं।
यह फ़िल्म केवल सनी लियोन के देह प्रदर्शन के बलबूते ही बॉक्स ऑफ़िस पर चलेगी, क्योंकि इस फ़िल्म में बस सनी लियोन का जिस्म ही दिखाया गया है और वह भारतीय सिनेमा में पसंद किया जायेगा या नहीं, यह पता नहीं, क्योंकि कलाकार जो कामुकता दर्शाते हैं वह सच के करीब होती है और यह कामुकता बिल्कुल पोर्न फ़िल्म के समकक्ष वाली है।
गाँवों में शायद यह फ़िल्म लोगों द्वारा पसंद की जायेगी, शहरों में नहीं, पूजा भट्ट से एक अच्छी फ़िल्म की अपेक्षा थी और आशा के विपरीत इसमें इमरान हाशमी नहीं थे, जो कि इस तरह की फ़िल्मों के लिये भट्ट कैंप से सबसे उपयुक्त हीरो इमरान हैं और उनका अभिनय फ़िल्म में जान डाल देता है।
वैसे शिवा फ़ेम ……. ने इस फ़िल्म में जान डालने की पूरी कोशिश की है, परंतु किरदार का इतना महत्वपूर्ण रोल ना होने से उन्हें अपनी अदाकारी दिखाने का पूरा मौका नहीं मिला।
कुल मिलाकर हमारी तरफ़ से तो यह फ़िल्म को हम केवल १ स्टार देते हैं, परंतु सबकी अपनी अपनी जरूरतें होती हैं, जिंदगी की भी और देखने की भी, तो हो सकता है कि जो जिस्म देखने जायेंगे उन्हें बहुत अच्छी लगे और वे उसे ४ स्टार भी दे सकते हैं।
कुछ संवाद जिस्म २ से जो कि मैंने ट्विट किये थे –
झूठ में मान नहीं सकता और सच किसी को सुनना नहीं ।
ये दुनिया सिर्फ़ प्यार की बातें करती है, चलती जुर्म पर है ।
जिंदगी में इंसान के पास सिर्फ़ दो ही रास्ते होते हैं, या तो वो झूठ को मानकर होश में रहे या सच सुनकर दीवाना हो जाये ।
तुम झूठ नहीं हो, क्योंकि तुम भी इसी जिंदगी के सर्कस का एक हिस्सा हो ।
ऐ जिंदगी तुझे तो सिर्फ़ ख्वाब में देखा हमने ।
तन्हा आदमी अक्सर अपने आप से ही बातें किया करते हैं ।
जब जान पर आती है तो उस जान को बचाने के लिये सब कुछ सीख जाते हैं।
जब कोई खुद को ही खत्म करने पर आ जाये, तो उसे कोई नहीं बचा सकता ।
अगर दुनिया में खूबसूरती है तो बदसूरती भी है । अँधेरा है तो रोशनी भी है ।
अगर किसी से प्यार करते हो तो उसे भूल जाने का जिगर भी रखो ।

 

कठिनाईयों भरे ये दिन

जीवन में सभी प्रकार की कठिनाईयाँ आती रहती हैं, और हमें अपने जीवन में सारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। सारी मजबूरियों के मारे होते हैं और सारे हालात से समझौता करना पड़ता है।

अभी यह मेरा जेद्दाह में दूसरा  ट्रिप है, पहला ट्रिप ठीक ठाक निकल गया था, परंतु दूसरे ट्रिप में बहुत सारी कठिनाईयाँ हैं, तो यह भी समझ लें कि जीवन में यह भी एक सीख ही है।

रमजान का महीना चल रहा है और यहाँ गैरमुस्लिमों के लिये जीना बहुत मुश्किल हो जाता है, यहाँ पर सभी रोजा रखते हैं, और सारा बाजार सुबह के ४ बजे से रात ९ बजे तक बंद रहता है, खाने के लिये रेस्त्रां भी शाम ५ बजे खुलते हैं, पर रेस्त्रां में जाकर खा नहीं सकते, ५ से ७ के बीच आप केवल पार्सल करवा सकते हैं, फ़िर शाम ७ बजे के बाद रेस्त्रां में खा सकते हैं।

और ७ बजे के बाद रेस्त्रां जाने के लिये टैक्सी मिलना बहुत मुश्किल होता है, क्योंकि लगभग सभी लोग इफ़्तार पर गये होते हैं। यहाँ पर असली समां तो शाम ७ बजे बाद ही शुरू होता है, जीवन में गति भी शाम ७ बजे बाद आती है। ७ बजे से ट्राफ़िक बड़ना शुरु होता है और रात ९ बजे के बाद तो ट्राफ़िक अपने चरम पर होता है।

यहाँ पर सभी लोग ७ बजे के बाद इफ़्तार करते हैं और सुबह ३.३० पर सहर करते हैं, समय थोड़ा आगे पीछे होता है । ऐसे ही बाजार भी रात्रि ९ बजे से सुबह ४ बजे तक खुले रहते हैं, बाजार मतलब कि सारे प्रकार के बाजार मॉल, दुकानें और पटरी बाजार भी।

खुलेआम खाना पीना और धूम्रपान मना होता है। अगर किसी गैरमुस्लिम को यह सब करना भी है तो उसे सार्वजनिक जगहों पर नहीं करना चाहिये। यहाँ कार्यालयों का समय १० से ४ हो जाता है पर केवल उनके लिये जो रोजे रखते हैं और बाकियों के लिये ८ से ५ ही होता है।

शाम को जगह जगह इफ़्तार पार्टिंयों का आयोजन होता है, बस शाम को जल्दी मतलब कि ५ बजे के बाद शाकाहारी भोजन कुछ चुनिंदा रेस्त्रां में ही उपलब्ध होता है, अधिकतर रेस्त्रां में शाकाहारी भोजन रात्रि ९ बजे बाद उपलब्ध होता है।

थोड़े दिनों की कठिनाईयाँ और हैं, फ़िर जीवन वापिस से पटरी पर आ जायेगा, एक बात और है कि यहाँ घूमने के लिये ऐसा कोई पर्यटक स्थल नहीं है, अगर कुछ है भी तो इतनी बंदिशें हैं कि जाने से पहले इच्छा ही खत्म हो जाये और मौसम इस बात की इजाजत भी नहीं देता, क्योंकि मौसम अभी बहुत गर्म है रात में भी लू के थपेड़े लगते हैं।

सकारात्मक और नकारात्मक संकेत जीवन में ..

कभी कभी जो सोचो वह हो नहीं पाता और जो नहीं सोचो वह हो जाता है, पर अधिकतर छ्ठी इंद्रिय से जो संकेत मिलते हैं वे हमेशा हमेशा बहुत ज्यादा करीब होते हैं। जीवन में ऐसे बहुत सारे वाकये हो रहते हैं जब हमें लगता है कि यह हमारा फ़ैसला नहीं, यह तो तकदीर का फ़ैसला है।

हम कितना भी किसी भी काम के बारे में सोच लें हमेशा उसके बारे में मन में विचारों में दो प्रकार की लहरें दौड़ती रहती हैं, एक नकारात्मक और एक सकारात्मक, जिसमें कई बार हम सकारात्मक और नकारात्मक दोनों लहरों के लिये कई पैमाने निर्धारित कर देते हैं। जैसे अगर आज यह कार्य हो गया तो मेरे काम में सकारात्मक परिवर्तन के संकेत हैं, परंतु अगर नहीं हुआ तो नकारात्मक परिवर्तन के संकेत हैं।

यह प्रक्रिया लगभग सबके साथ होती है जो कि निश्चलता से अपने कर्मों को निभाते हैं, जिनके मन की ऊर्जा का स्रोत हमेशा पवित्रता होती है। अपने निश्छल कर्मों से ऐसे लोग प्रकृति प्रदत्त संसाधनों का भरपूर प्रयोग कर पाते हैं और वही प्रकृति प्रदत्त संसाधन उनके लिये छठी इंद्रिय का कार्य करती है।

ऐसे ही नकारात्मक संकेत भी प्रकृति प्रदत्त होते हैं, जो कि हमेशा समय समय पर इंसान को चेताते रहते हैं और इंसान को जीवन के अँधेरे में जाने से बचाता है, वहीं सकारात्मक संकेत जीवन के लक्ष्यों को अपने पूर्ण रूप में प्राप्त करने में मदद करते हैं।

जरूरत है हमें अपने जीवन में सारे कार्यों को निश्छल भाव से पूर्ण करने की, सारे कार्यों को पूर्ण करने के संकेत हमें प्रकृति हमेशा सकारात्मक और नकारात्मक रूप में हमेशा देती है। अत: कोई भी कार्य करें पूर्ण लगन और ईमानदारी से करें, प्रकृति प्रदत्त ऊर्जा का स्रोत बना रहता है।

दिवास्वप्न बुरा या अच्छा … मेरी कविता .. विवेक रस्तोगी

एक दिवास्वपन आया मुझे

एक दिन..

श्री भगवान ने आशीर्वाद दिया,

सारे अच्छे लोग देवता रूपी

और

उनके पास हथियार भी वही,

सारे बुरे लोग राक्षस रूपी

और

उनके पास हथियार भी वही

समस्या यह हो गई

कि

देवता लोग कम

और

राक्षस ज्यादा हो गये

तब

श्री भगवान वापिस आये

और

देवता की परिभाषा ठीक की

फ़िर

देवता ज्यादा हो गये

और

राक्षस कम हो गये,

देवताओं ने राक्षसों पर कहर ढ़ाया

और

देवताओं का वास हो गया

फ़िर

कुछ देवता परेशान हो गये

क्योंकि

राक्षस गायब हो गये

तो

कुछ फ़िर से राक्षस बन गये।

असली ताकत तो हमारे पास ही है !

अन्ना का अनशन चल रहा है, सरकार, राजनैतिक पार्टियाँ और मीडिया अन्ना को मिल रहे समर्थन को कम कर आंक रहे हैं। और देश की जनता को चिल्ला चिल्ला कर बता रहे हैं, देखा अन्ना के आंदोलन में कोई दम नहीं है, अप्रत्यक्ष रूप से यह कह रहे हैं, “देख लो, सारे ईमानदारों, तुम सबकी हम भ्रष्टाचारियों के सामने कोई औकात नहीं है”।

मीडिया भी निष्पक्षता से खबरें नहीं बता रहा है, सब के सब मिल चुके हैं, केवल अन्ना एक तरफ़ है और दूसरी तरफ़ ये सारे बाजीगर। इन बाजीगरों को लग रहा है कि इन लोगों ने जैसे अन्ना और जनता को हरा दिया है। पर क्या इन बाजीगरों को पता नहीं है कि जनता से वे हैं, जनता उनसे नहीं।

जनता सब देख रही है, समझ रही है, वैसे समझदार लोगों के लिये अभी कुछ महीनों में जो चुनाव हुए हैं, वो ही जनता की सोच और ताकत समझने के लिये काफ़ी हैं।

देखते हैं कि ये सारे कब तक अपना पलड़ा भारी समझते हैं, क्योंकि असली ताकत तो हमारे पास ही है, ठीक है कुछ लोगों की ताकत बिकाऊ है परंतु सरकार बनाने जितनी ताकत खरीदना असंभव है।

देखो कि अगली सरकार जनता की ताकत से बनती है या सरकार की खरीदी हुई ताकत से।

वैसे सरकार यह ना समझे कि अन्ना वहाँ जंतर मंतर पर अकेले हैं, अन्ना के समर्थन में घर पर भी बहुत सारे लोग हैं जो अन्ना के साथ हैं बस जंतर मंतर पर नहीं हैं।