Category Archives: अनुभव

खटमल को कैसे मारें, फ़ॉलोअप पोस्ट (How to remove Bed bugs, followup post)

मई में एक पोस्ट लिखी थी

खटमल को कैसे मारें, खटमल को कैसे खत्म करें..? सहायता करें !(How To remove Bed Bugs, How to finish Bed Bugs ? Help !)

    जिसमें कुछ सहायता भी मिली थी टिप्पणियों के माध्यम से और खटमलों को मारने के लिये क्या किया जाये यह रणनीति समझने में सहायता मिली।

    तो हमने बाजार में जितने भी कीड़े मारने की जहरीली दवाओं के स्प्रे थे सब ले आये और एक स्प्रे था रेंगने वाले कीड़े के लिये जिसे हम झट से उठा लाये और उसमें बाद में देखा तो काकरोच का ही फ़ोटू बना हुआ था। खैर बहुत दवाई छिड़की और उससे बहुत सारे खटमलों का नाश हो गया।

    सोते जागते बस पेंचकस से खटमलों का मारना जारी था। पता नहीं कितने खटमल और कितने उनके अंडे हमने मारे, खैर घर में से ३-४ दिनों में ही खटमलों का सफ़ाया हो गया। हमने चैन की सांस ली।

    इसी बीच उज्जैन जाना हुआ था तो हम वहाँ से खटमल मारने की एक तरल और एक पॉवडर दवाई ले आये। कुछ एक्का दुक्का खटमल दिख रहे थे जो कि अपना वंश बड़ाना चाहते थे, तो हमने इन दवाओं का प्रयोग किया और खटमलों का पूरा सफ़ाया कर दिया।

    उस समय हमारे फ़्लेट से लगा हुआ फ़्लेट में ताला था, जैसे ही उस फ़्लैट मॆं कोई आया हमारे घर में फ़िर से खटमल आने लगे, वो भी बड़े बड़े, समझ में आ गया कि पड़ौसी फ़्लेट से खटमल घुसपैठ कर रहे हैं तो बीच की बाऊँड्री वाल पर और बाहर की तरफ़ तुरत उज्जैन से लाया गया पॉवडर लगा दिया गया।

    अब जाकर कुछ चैन है और कभी कभी एक दो खटमल दिख जाते हैं, जिन्हें हम शहीद कर देते हैं। जाने क्यों खटमलों की प्रजाति भारत सरकार से प्रेरित लगती है, जिसमें अन्ना का जहरीला कीटनाशक दवा बहुत जरूरी है।

गांधी के सपनों का भारत क्या आज है ? (India of My Dreams ?)

mere sapno kaa bharat

कुछ दिनों पहले एक पोस्टऑफ़िस जाना हुआ और वहाँ पर गांधी के सपनों का भारत का एक पोस्टर लगा हुआ था, जिसका हमने फ़ोटू लिया और पढ़ा और पोस्ट मास्टर साब को हमने धन्यवाद दिया कि आपने बैंगलोर में हिन्दी मॆं पोस्टर लगाया हुआ है। गांधी का सपना पढ़कर (सही में पहली बार पढ़ा था) आँखों में रोष छा गया। जो गांधी का सपना था, सब उसका उलट है आज उनके सपनों के भारत में।

आज भी गरीब लोग यह महसूस नहीं करते हैं कि भारत उनका देश है, जिसके निर्माण में उनकी आवाज का महत्व है।

ऊँचे और नीचे वर्गों में भेद और विविध संप्रदायों में पूरा मेलजोल होगा, यह भी बिल्कुल उलट ही है।

भारत में अस्पृश्यता या शराब और दूसरी नशीली चीजों के अभिशाप के लिये कोई स्थान नहीं हो सकता। एक चौराहे से दूसरी चौराहे के बीच २ या उससे ज्यादा शराब की दुकानें देखी जा सकती हैं और नशीली चीजें तो खुलेआम उपलब्ध हैं।

स्त्रियों को वही अधिकार होंगे जो पुरुषों के होंगे। शेष सारी दुनिया के साथ हमारा सम्बन्ध शान्ति का होगा। यह भी गांधी का सपना ही रह गया।

कब सच होगा भारत को आजादी दिलाने वाले गांधी का सपना ।

या फ़िर अपनों की गुलामी और गुंडागर्दी से आजादी के लिये फ़िर एक असली गांधी की दरकार है।

कैलोरी वजन और व्यायाम जलाओ जलाओ कैलोरी जलाओ.. (Burn Calorie, weight and exercise..)

    वजन कम करना भी एक टेढ़ी खीर है, और अब तो यह एक व्यवसाय बन गया है। जिस चौराहे पर देखो उधर वजन कम करने का और कमर कम करने का विज्ञापन दिखाई देता है। विज्ञापन देखकर वजन कम करने के लिये प्रेरित तो होते हैं, परंतु जब वजन कम करने के लिये पसीना बहाना होता है तो अच्छे अच्छों को नानी याद आ जाती है।

    १५ मिनिट का व्यायाम भी १५ घंटे के बराबर लगता है, वह एक घंटा बहुत ही मुश्किल से बीतता है, फ़िर हाथ पैरों में जो ऐंठन और दर्द होता है, उसका तो पूछना ही क्या । वजन कम करने के लिये आत्मप्रेरित होना होता है, जब शरीर व्यायाम करता है तो सारे शरीर में खून का प्रवाह ठीक होने लगता है और दिमाग के स्नायु भी अच्छे से कार्य करने लगती हैं। मानसिक उत्पादन बड़ता है और व्यक्ति को भी अच्छा लगता है।

 धीमी चाल

आज सुबह ही प्रवचन (कहाँ से और किस से ना पूछें तो मेहरबानी होगी) में सुन रहे थे कि  एक घंटे में धीमी गति से अगर ३.२ कि.मी. चला जाये तो २०० कैलोरी जलती है और अगर तीव्र गति से चला जाये तो ११०० कैलोरी जलती है, एक किलो वजन कम करने के लिये लगभग ८३०० कैलोरी जलाना पड़ती हैं। तो हमने भी झट से एक्सेल में गणना की तो लगा कि बहुत मेहनत का कार्य है यह भी !

धीमी गति से चलने पर तीव्र गति से चलने पर
1 किलो कम करने के लिये कैलोरी 8300 8300
1 घंटे में जली कैलोरी 200 1100
कुल घंटे एक किलो कम करने के लिये 41.5 7.545454545

तेज चाल     अब गणना तो कर ली है, सोचते हैं कि खाने में कभी ध्यान नहीं देते हैं, और खाते समय कैलोरी गणना को पाप मानते हैं। जैसे कॉफ़ी पीते हैं तो एक कप में २०० कैलोरी होती है, यह कैलोरी तो कॉफ़ी की होती है और शक्कर की अलग, ऐसे ही चाय की। बिस्किट्स और चिप्स की भी कैलोरी बहुत ज्यादा होती हैं। मिठाई और नमकीन की कैलोरी भी बहुत ज्यादा होती हैं। मैगी, कोल्डड्रिंक्स, मक्खन, चीज में भी भरपूर कैलोरी होती हैं। इसलिये अब कैलोरी का भी ध्यान रखना होगा।

    अभी तक जबान के स्वाद के लिये खाते थे, अब कैलोरी खायेंगे और कैलोरी ही निकालेंगे। सुना है ग्रीन टी, गरम पानी, कच्ची सब्जियाँ, उबली सब्जियाँ कम कैलोरी और कैलोरी का नाश करने वाली होती हैं, परंतु बिना स्वाद कैसे यह सब जबान के रास्ते उदर तक पहुँचेगी। खाना भरपूर खाना चाहिये, क्योंकि डायटिंग से कुछ होने वाला नहीं हैं। जरूरत है अपनी खाई गई कैलोरी को जलाने की और अगर उससे ज्यादा जलायेंगे तो थोड़ा वजन भी कम होगा, आगे आगे देखते हैं कि कितनी कैलोरी खा पाते हैं और कितनी जला पाते हैं।

आरक्षण फ़िल्म को सरकार बना रही है विवादास्पद.. (Reservation Film… Controversial)

    आरक्षण फ़िल्म को लेकर आजकल बहस चल रही है, आजकल न्यूज चैनल पर सबसे ज्वलंत मुद्दा बना हुआ है। ब्रेकिंग न्यूज में आ रहा है कि मायावती ने फ़िल्म देखने की इच्छा जाहिर की और उत्तरप्रदेश में रिलीज पर रोक लगा दी है, तो प्रकाश झा ने मायावती को उत्तर दिया है कि ९ अगस्त से पहले प्रिंट देना उनके लिये संभव नहीं है।

    इधर प्रकाश झा, अमिताभ बच्चन, मनोज वाजपेयी और दीपिका पादुकोण हर न्यूज चैनल पर टॉक शो भी कर रहे हैं और न्यूज रूम में जाकर आरक्षण फ़िल्म के बारे में बातें भी कर रहे हैं। महाराष्ट्र में पहले ही विरोध जारी है, कतिपय लोग कानून को अपने हाथ में लेकर आरक्षण फ़िल्म के पोस्टरों को फ़ाड़ रहे हैं, कालिख पोत रहे हैं।

    आरक्षण इस तरह इस फ़िल्म को अब ज्यादा पब्लिकसिटी की जरूरत ही नहीं रह गई है और आरक्षण के विषय में लगभग हर विद्यार्थी परिचित है, यह प्रकाश झा का अपना एक दृष्टिकोण है और एक कलाकार के नाते उन्हें अपने दृष्टिकोण रखने का हक बनता है ताकि जनता भी उस दृष्टिकोण को देख सके। पर पता नहीं सरकार और राजनैतिक पार्टियाँ क्यों इतनी डरी हुई हैं, वैसे भी आरक्षण एक संवेदनशील मुद्दा है और इस पर सुलझे हुए तरीके से बहस करने की जरूरत है।

    आरक्षण केवल फ़िल्म नहीं है एक मुद्दा है, और इसे स्वस्थ्य तरीके से लिया जाना चाहिये ना कि कुछ किराये के गुंडे लेकर जनता को गुमराह करना चाहिये।

    आज के आरक्षण के नियमों से कम से कम सामान्य वर्ग के लोग तो खुश नहीं हैं, बस यह समझ लीजिये कि चिंगारी दबी हुई है, और हवा देने की देर है, पर इतना भी यकीन से कह सकते हैं कि एक फ़िल्म चिंगारी को हवा नहीं दे सकती, केवल एक नयी विचारधारा नौजवानों को दे सकती है, जिससे शायद सरकार भी प्रेरित हो।

    खैर अब इंतजार है आरक्षण फ़िल्म का … फ़िल्म अच्छी ही होगी आखिर इतनी बड़ी स्टॉर कॉस्ट जो है ।

एक ब्लॉगर मीट बैंगलोर में जो कि बारिश के कारण नहीं हो पाई ।

    शाम को लगभग ५ – ५.३० बजे विभाजी से मिलना तय हुआ था और हमने फ़ोन करके प्रवीण पांडे जी को भी खबर कर  दी थी। अभिषेक से बात हुई परंतु अभीषेक ने बताया कि उनका कार्यक्रम व्यस्त है।  घर से बराबर समय पर निकले और जैसे ही वोल्वो में बैठे, जोरदार बारिश होने लगी। आधे रास्ते पहुँचते पहुँचते बारिश अपने पूरे उफ़ान पर थी और इस बारिश और हममें केवल वोल्वो के खिड़की पर लगे काँच का फ़ासला था।

    अंदर हम सीट पर बैठे बारिश का मजा ले रहे थे और बाहर काँच की खिड़की के उस तरफ़ बारिश का झर झर जल बहता जा रहा था, जैसे मन की बातें कभी रुकती नहीं हैं, मन के घोड़े दौड़ते ही रहते हैं, इस बारिश में हमने आगे न जाने का निर्णय लिया, क्योंकि बारिश तेज थी और भले ही छतरी पास हो पर भीग तो जाते ही हैं, और आज कुछ ऐसा था कि हम अपने को  भिगो नहीं सकते थे।

    त्वरित निर्णय लेते हुए फ़ोन पर बात करके आगे जाना निरस्त किया गया, क्योंकि बारिश होने के बाद सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था दम तोड़ देती है।

    प्रवीण जी को जैसे ही फ़ोन किया उन्होंने कहा कि इस बारिश का जरूर कुछ आपके साथ संबंध है, जब भी हम लोगों के मिलने का होता है यह बारिश जरूर होती है और मिलना नहीं हो पाता है। पहले भी एक बार ऐसा हो चुका है।

    तो यह था विवरण उस ब्लॉगर मीट का जो कि बैंगलोर में हो न सकी, जल्दी ही जब ब्लॉगर मिलेंगे तो उसका विवरण दिया जायेगा।

बच्चों की बाल सुलभ हरकतें और मानवीय संवेदनाएँ

    बच्चों की बाल सुलभ हरकतें सभी को लुभाती हैं, आज घर वापिस आते समय सामने की सीट पर एक बालक था अपने मम्मी पापा की गोद में, और लगभग ६-८ माह का बालक होगा जो कि खुशी की किलकारियाँ मार रहा था, सभी के मन हर्ष से आह्लादित थे।

    एक अन्जाने बालक के लिये अचानक ही इतने सारे लोगों के मन में प्यार उमड़ आना एक स्वाभाविक मानवीय क्रिया है। कभी बालक वोल्वो के काँच पर हाथ लगाकर खुश होता तो कभी माँ की गोदी में तो कभी पिता के हाथों में।

    पास ही एक कार जा रही थी जिसे एक लड़की चला रही थी, और बस भी सिग्नल पर रुकी हुई थी, तो बह लड़की भी उस बालक की बाल सुलभ हरकतों को देखकर पुलकित हो रही थी, अचानक ही ताजगी की बयार बहने लगती है।

    बस में भीड़ बढ़ती ही जा रही थी और बस का ए.सी. भी अब थोड़ा कम लगने लगा था, तो बस का माहौल भी गरम और दमघोंटू होने लगा, इसी गरमी और दमघोंटू माहौल को उस बालक ने भांप लिया और जोर जोर से रोने लग गया, तो पिता अपनी गोदी में लेकर खड़े हो गये और बालक को ऊपर का डंडा पकड़ा दिया, नयी चीज के मिलते ही वह थोड़ा कुनमुनाया और फ़िर चुप हो गया, परंतु फ़िर २ मिनिट में ही वापिस से रोना शुरू हो गया, खैर उनका बस स्टॉप आ गया और वे उतर गये।

    पर हाँ जब बालक रोने लगा था तो बस के लगभग सभी यात्रियों को समझ में आ रहा था कि उसके रोने का क्या कारण है, और अभिभावकों की परेशानी सभी समझ रहे थे। इस दौर से मैं भी कई बार गुजर चुका हूँ और आज भी कई बार जब बेटेलाल जिद पर उतर आते हैं, तो बस!! अभी पिछली बार उनके साथ पूरे सफ़र में खेलते हुए समय निकला तो आसपास के सभी लोग आनंदित हो रहे थे।

     इस मानवीय आत्मीयता और संवेदना को आज देखकर बहुत अच्छा लगा। काश कि ये मानवीय संवेदना सभी के दिल में सभी के लिये हमेशा जीवित रहे और संवेदनहीनता खत्म हो जाये।

देखो ऑटो में जवानी उछल रही है

    रोज रात्रि भोजन के पश्चात अपनी घरवाली के साथ एकाध घंटा घूम लेते हैं, जिससे बहुत सारी बातें भी हो जाती हैं, और पान खाना भी हो जाता है।

    वैसे तो यहाँ बैंगलोर में हमने जितने जवान लोग भारत के हरेक हिस्से से आये हुए देखे हैं, उतने शायद ही किसी और शहर में होंगे, क्योंकि बैंगलोर आई.टी. हब है। पर यहाँ लोगों को (जवान लोगों)  अपनी मर्यादा में ही देखा था, परंतु आज जब हम मैन आई.टी.पी.एल. (ITPL is a IT Park in Bangalore) रोड होते हुए घर की ओर जा रहे थे, तो अचानक एक ऑटो पर नजर पड़ गयी, उस ऑटो में एक जवान जोड़ा बैठा हुआ था और अचानक बात करते करते लड़की लड़के के सीने से चिपट गई। और हमारे मुंह से निकल गया “देखो ऑटो में जवानी उछल रही है”।

    बैंगलोर में यह हमारे लिये नया सा है, क्योंकि यहाँ का वातावरण उतना स्वच्छंद नहीं है जितना कि मुंबई का। मुंबई में तो दो जवान दिलों का मिलन कहीं भी हो जाता है, और ऑटो में तो ये समझ लीजिये कि बस यही होता है, अगर जवान जोड़ा है तो, वहाँ यह सब साधारण सा लगता था, परंतु जब यहाँ आये तो थोड़ा कसा हुआ वातावरण पाया, इसलिये आज थोड़ा ठीक नहीं लगा। इसका कारण यह भी हो सकता है कि कभी हमें यह मौका नहीं मिला।

    मुंबई में तो ऑटो वाले खुद ही कई बार चिल्लाकर ऐसी सवारियों को दूर कर देते हैं, परंतु जवान दिलों को कोई रोक सका है ?

माइक्रोसॉफ़्ट के डॉस को ३० वर्ष हो गये.. (MS-DOS is 30 Years old today)

    आज एक मेल पढ़ रहा था तो उसमें एक लिंक थी – MS-DOS is 30 Years old today. हम तो डॉस वाले जमाने से ही कम्पयूटर सीखे हुए हैं, इसलिये इस खबर की ओर ध्यान आकर्षित हो गया।

    आज से तीस वर्ष पहले २७ जुलाई, १९८१ को माइक्रोसॉफ़्ट ने QDOS के राईट्स २५,००० डॉलर में सिएटल कम्प्यूटर प्रोडक्ट्स से खरीदे थे। नहीं तो QDOS को 86-DOS के नाम से जाना जाता था, सिएटल कम्प्यूटर प्रोडक्ट्स ने इसका अभिकल्पन इन्टेल के 8086 प्रोसेसर के लिये किया था।

    हमने MS-DOS के 5.0 वर्शन से सीखना शुरू किया था, फ़िर ६.२ वर्शन सीखा, जिसकी command.com 54,645 बाईट्स की होती थी, और अगर command.com फ़ाईल का साईज बदल गया तो इसका मतलब कि DOS की सीडी में वाईरस आ गया है। काली स्क्रीन का फ़ोटो देखकर पुराने लोगों को पुराने दिन याद आ जायेंगे।

 vpc.msdos62v dos62

उस समय जितने भी सॉफ़्टवेयर सीखे थे बहुतों को तो वर्षों से उपयोग नहीं किया परंतु अगर आज भी मिल जाते हैं तो देखकर बहुत खुशी होती है, और उनके कमांड तो ढूँढ़ने भी नहीं पड़ते वो तो ऐसे याद हैं जैसे कि हमारी साँसों में घुल गये हैं।

    वर्डस्टॉर, लोटस १२३, डीबेस, फ़ॉक्स प्रो, अक्षर और भी बहुत सारे सॉफ़्टवेयर थे। खैर आज कम्प्यूटर चलाने के लिये कोई कमांड याद नहीं रखना पड़ता है, सब माऊस से मजे में हो जाता है। अगले तीस वर्षों में कम्प्यूटिंग का विकास देखने लायक होगा।

क्रोधित पक्षी याने के एंग्री बर्ड्स (Angry Birds..)

    कुछ दिनों पहले प्रशांत की एक बज्ज या फ़ेसबुक स्टेटस से एंग्री बर्ड्स  (Angry Birds) नामक खेल का पता चला। हमने इसकी खोजबीन की गूगल महाराज पर तो देखा यह तो क्रोम ब्राऊजर में ऑनलाईन उपलब्ध है, और तो और अगर एक बार खेल शुरू कर लिया जाये तो नेट कनेक्शन बंद भी कर सकते हैं, तो कुछ लेवल ऑफ़लाईन खेल ही सकते हैं।

    खैर ब्लॉगर बांधव की सहायता से फ़ेसबुक के सहारे हमें एंग्री बर्ड्स को संस्थापित करने की लिंक मिल गई और हम खुश हो गये। मुझे याद है कि यह एंग्री बर्ड्स कुछ महीने पहले हमने नोकिया के N8 मोबाईल पर खेला था जब वह लांच हो रहा था।

एंग्री बर्ड्स

    एंग्री बर्ड्स खेल को खेलना किसी नशे से कम भी नहीं है, जब भी समय मिलता है तो हम पिल पड़ते हैं एंग्री बर्ड्स के साथ। यहाँ तक कि हमारे बेटॆ का तो सबसे प्रिय खेल यही है, इस चक्कर में महाराज की पढ़ाई लिखाई भी एक तरफ़ हो गई थी, तो हमने आखिरकार डेस्कटॉप से शार्टकट हटा दिया, प्रोग्राम फ़ाईल से भी प्रोग्राम हटा दिया, अब वे एंग्री बर्ड्स नहीं खोल पाते हैं, हाँ अगर उन्होंने पढ़ाई का कार्यक्रम पूरा कर लिया तो हम उन्हें खुद ही एंग्री बर्ड्स लगाकर दे देते हैं।

    एंग्री बर्ड्स मूलत: एक वीडियो गेम पहेली है, जो कि फ़िनलैंड की रोवियो मोबाईल ने विकसित की है। यह खेल सर्वप्रथम एप्पल के लिये दिसंबर २००९ में विमोचित किया गया था और इसकी खूब बिक्री हुई तो कंपनी ने अन्य टच स्क्रीन उपकरणों के लिये भी इस खेल को विकसित किया ।

    एंग्री बर्ड्स में मूलत: कुछ गुस्सा हुए पक्षी हैं जिन्हें गुलेल के द्वारा नियंत्रित कर सामने खड़े ढांचे को गिराकर उसमें बैठे हुए सूअरों को खत्म करना है। यह एक प्रकार से कूटनीतिक खेल है, जिसमें आपको पूरी योजना के साथ इन सूअरों को मारना होता है। यह खेल दिमाग को तो तेज करता ही है, परंतु इस खेल की लत भी लगाता है।

    इस खेल का छठा एपीसोड हाल ही में बाजार में उतारा गया है “ माईन एन्ड डाईन”, जिसमें १५ लेवल हैं।

आज एंग्री बर्ड्स खेल शायद मोबाईल में खेलने वाला सार्वाधिक लोकप्रिय खेल है।

एंग्रीबर्ड्स को क्रोम ब्राऊजर में खेलने की लिंक –

http://chrome.angrybirds.com/

 

 

तो देर किस बात की है, अब खेलिये एंग्री बर्ड्स और लत ना लग जाये तो कहना ।

वोल्वो में आज का सफ़र..

    आज फ़िर काम से थोड़ा दूर जाना पड़ा तो वोल्वो में लगभग एक घंटा जाने और एक घंटा आने का सफ़र करना पड़ा, वैसे तो सब ठीक रहा। परंतु हम ऐसे ही आज अपने सफ़र का अध्ययन कर रहे थे, तो सोचा कि क्यों ना डिजिटाईज कर लिया जाये। कितनी अच्छी बात हो अगर कोई ऐसा गेजेट आ जाये कि मन की बातों को अपने आप ही टाईप कर ले हाँ इसके लिये उसे मन से परमीशन और पासवर्ड दोनों ही लेने होंगे नहीं तो बहुत गड़बड़ हो सकती है और  तब तो बहुत ही, जब वह पोस्ट बन कर प्रकाशित हो जाये।

    जाते समय हम वोल्वो की आगे वाली सीट पर बैठे जिसमें कि चार सीट आमने सामने होती हैं, पहले से ही एक यात्री बैठी हुई थी हम भी उन्हीं के पास में बैठ लिये, फ़िर भी सामने की दो सीटें खाली थीं, उनमें से एक पर हमने अपना बैगपैक एक सीट पर रख दिया और अपने बैग में से इकॉनामिक टॉइम्स निकाल कर पढ़ने लगे, सामने वाली दो सीटें खाली ही थीं और अधिकतर हम उन पर बैठना पसंद नहीं करते क्योंकि वह वोल्वो  की दिशा के विपरीत होती है और कई बार उससे असहज महसूस होता है।

    थोड़ी देर बाद ही वह यात्री उतर गईं और हमने खिड़की के पास वाली सीट पर कब्जा कर लिया, फ़िर एक और यात्री आईं और वे हमारी पुरानी वाली सीट पर विराजमान हो गईं, उनके साथ ही एक परिवार चढ़ा जिसमें माता, पिता और उनकी लड़की थे, तो वे भी एक एक सीट संभाल कर बैठ लिये और पिता हमारी सामने वाली सीट पर बैठ गये, हमने अपना बैगपैक अपनी गोदी में रखा और अखबार को मोड़कर पढ़ने लगे, तो पीछे वाली साईड से वे सज्जन भी पढ़ने लगे, हम भी कनखियों से देख रहे थे, खैर यह तो सबके साथ होता है।

    थोड़ी देर में यह परिवार उतर गया तो हमने अपना बैगपैक सामने वाली सीट पर रख दिया, तब तक हम अखबार को निपटा चुके थे, और फ़िर एक किताब बैग में से निकाल ली, यह किताब भी शुरू किये बहुत दिन हो गये थे और मात्र छ: पन्ने ही पढ़ पाये थे, वहीं से आगे पढ़ने की कोशिश की तो लय नहीं बैठ रही थी, इसलिये वापिस से पहला पन्ना पलटा और पढ़ने लगे, दो ही पन्ने पढ़ पाये थे कि  तब तक वोल्वो किसी नई सड़क पर दाखिल हो चुकी थी, जो कि हमारे लिये नई थी, तो किताब बंद करके रास्ता देखने लगे और फ़िर धीरे से किताब को बैग में सरका दिया गया। हम अपने गंतव्य पर पहुंचने के लिये और आगे जाना था, गंतव्य पर बस खाली हो गई और हम पैदल ही चल दिये।

    अपना काम निपटाकर वापिस से बस में चढ़ लिये यह वोल्वो बस नहीं थी, साधारण बस थी क्योंकि उस रूट पर वोल्वो चलती ही नहीं है, पूरी बस भरी हुई थी और सबसे आखिरी वाली सीट मिली, परंतु बस बिल्कुल साफ़ थी, जो कि सरकारी बसों के लिये उदाहरण है। खैर अपने बस स्टॉप पर उतरे और वोल्वो में चढ़ लिये घर जाने के लिये, अबकि बार वोल्वो में पीछे की तरफ़ की सीट पर काबिज हुए और खिड़की के पास वाली पर बैठ लिये, साथ वाली पर बैगपैक रखा, ऊपर ए.सी. को बटन से ठीक किया और फ़िर सोचा कि चलो किताब पढ़ना शुरू किया जाये परंतु थकान इतनी हो चली थी कि पढ़ने की इच्छा नहीं थी और भूख भी लग रही थी।

    पीछे सीट पर एक लड़की बैठी हुई थी जो कि रास्ते में पड़ने वाले एक मॉल में किसी लड़के से मिलने जा रही थी, और बार बार फ़ोन करके या फ़ोन को रिसीव करके अपनी लोकेशन बता रही थी, अब बातचीत को विस्तारपूर्वक नहीं लिखता नहीं तो पोस्ट बहुत लंबी हो जायेगी।

    खैर थोड़ी देर बाद ही हमारी पास की सीट पर फ़िर एक सज्जन आ गये और हमने वापिस से बैग अपनी गोदी में रखा और मोबाईल में कान-कव्वा लगाकर कुछ जरूरी फ़ोन लगाने लगे, पर बैंगलोर में कुछ सड़कों पर मोबाईल के सिग्नल नहीं मिलते हैं, बार बार कनेक्शन एरर करके फ़ोन कट जाता था। सड़क पर ट्रॉफ़िक कम था इसलिये घर जल्दी पहुँच लिये।

अब वोल्वो के बारे में तभी लिखेंगे जब कुछ विशेष होगा।